पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका अनादि काल से रही है – विश्वास सारंग
पत्रकारों को सच की पड़ताल करके सच्चाई आम जनता के सामने लानी चाहिए

AINS NEWS…मप्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग ने कहा कि पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका अनादि काल से रही है, उन्होंने कहा कि देवर्षि नारद को आदि पत्रकार माना जाता है। राजा महाराजाओं के काल से किसी न किसी रूप में पत्रकारों का योगदान होता रहा है, आज लोकतंत्र के युग में पत्रकार चौथे स्तंभ हैं। श्री सारंग ने इंडियन फेडरेशन आफ वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।


इस मौके पर भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थी। कार्यक्रम का आयोजन विधायक विश्राम गृह के खंड 2 के सभागृह में किया गया था। इस मौके पर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री दिनेश निगम और अन्य पदाधिकारियों ने श्री सारंग एवं श्रीमती मालती राय का अभिनंदन किया। अभिनंदन करने वालों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद चौरसिया, योगेंद्र जोशी, सचिव युवराज सिंह, संगठन सचिव संदेश खलतकर, सह सचिव अशोक द्विवेदी, कोषाध्यक्ष कृति निगम भी शामिल रही।

सम्मेलन में श्री सारंग ने वरिष्ठ पत्रकार द हिंदू के पूर्व प्रदेश प्रमुख श्री ललित शास्त्री, श्री गोविंद चौरसिया, श्री राधेश्याम शर्मा, श्री रमेश दुबे, पत्रकार नारायण शर्मा व केतन मेहता को सम्मानित किया। सम्मेलन में कई जिलों के अध्यक्ष एवं उनके कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। वरिष्ठ पत्रकार ललित शास्त्री ने कहा कि पत्रकारों को सच की पड़ताल करके सच्चाई आम जनता के सामने लानी चाहिए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अलीम बजमी और गणेश पांडे का भी सम्मान किया गया।




