अशोका बिरयानी रेस्टोरेंट देगा पीड़ित परिवार को मुआवजा और भरण पोषण भत्ता, गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपनाया कड़ा रुख
अशोका बिरयानी सेंटर में 2 कर्मचारियों की मौत को लेकर शुक्रवार की रात जमकर हंगामा

AINS NEWS… अशोका बिरयानी में दो कर्मचारियों की मौत मामले में पुलिस ने रेस्टोरेट के चार कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इससे पहले देर रात परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। विवाद सुलझते नहीं देख, खुद गृहमंत्री विजय शर्मा रात करीब 1 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस मामले कड़ा रुख अपनाया, जिसके बाद अशोका बिरयानी रेस्टोरेंट पीड़ित परिवार को मुआवजे देने और भरण पोषण भत्ता देने पर सहमति बनी।

मामले में परिजन काफी आक्रामक थे, परिजनों का आरोप था कि ये एक हादसा नहीं हत्या है। जब एक व्यक्ति की अंदर मौत हो गई, तो उसे निकालने के लिए जबरन दूसरे को धकेला गया। इस घटना में धमतरी जिले के रहने वाले 19 साल के डेविड साहू की की जान गई। नीलकमल और डेविड को गटर से बाहर निकाला गया तो एक की मौत हो चुकी थी। दूसरा अधमरी हालात में था। डेविड 6 बहनों के बाद एक अकेला भाई था। घर की सबसे छोटी बहन की अभी शादी नहीं हुई है। उस पर घर चलाने और अपनी बहन की शादी की भी जिम्मेदारी थी।
वहीं मृतक नील कुमार पटेल (30 वर्ष) जांजगीर चांपा का रहने वाला था। नील के भाई दिनेश पटेल ने बताया कि नील अशोका बिरयानी में इलेक्ट्रीशियन था। इसके बाद भी उसे गटर में उतारा गया। घटना के बाद होटल प्रबंधन ने उसे भी लगातार गुमराह करते हुए मौत की अलग-अलग वजह बताई। नील का डेढ़ साल का बच्चा है।




