राजनीति

महाराष्ट्र में कांग्रेस ने टिकट आवंटित करते समय क्यों नजरअंदाज किया मुस्लिम चेहरा मोहम्मद आरिफ (नसीम) खान को

मोहम्मद आरिफ (नसीम) खान ने स्टार प्रचारक का पद छोड़ने का ऐलान कर दिया

AINS NEWS….. कांग्रेस की मुश्किलें कम नहीं हो पा रही हैं. कई बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने के बाद अब पार्टी के मुंबई में बड़े मुस्लिम चेहरा मोहम्मद आरिफ (नसीम) खान ने स्टार प्रचारक का पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है. खान ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र भेजकर कहा है कि वह राज्य में बाकी बचे लोकसभा चुनावों के चरणों के लिए स्टारक प्रचारक नहीं रहना चाहते हैं. खान ने यह फैसला पार्टी और महाराष्ट्र में एमवीए की तरफ से एक भी मुस्लिम को टिकट नहीं मिलने पर उठाया है.

मुहम्मद आरिफ खान ने लिखा, “महाराष्ट्र की कुल 48 लोकसभा सीटों में से एमवीए ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है.” पूरे महाराष्ट्र के कई मुस्लिम संगठन, नेता और पार्टी कार्यकर्ता उम्मीद कर रहे थे कि अल्पसंख्यक समुदाय से कांग्रेस कम से कम एक उम्मीदवार को टिकट देगी, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ.

खान ने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता उनसे पूछ रहे हैं, “कांग्रेस को मुस्लिमों का वोट चाहिए, उम्मीदवार क्यों नहीं.” मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र में उन्होंने लिखा, “इन सभी कारणों से मैं मुसलमानों का सामना नहीं कर पाऊंगा और मेरे पास कोई जवाब नहीं है.” खान ने यह भी कहा कि वह महाराष्ट्र कांग्रेस अभियान समिति से भी इस्तीफा दे रहे हैं.

कांग्रेस महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 17 पर शिवसेना (यूबीटी) और NCP (शरदचंद्र पवार) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है. वे विपक्षी महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के घटक हैं.

मुहम्मद आरिफ खान ने कहा ऐसा लगता है कांग्रेस समावेशिता की अपनी लंबे समय से चली आ रही विचारधारा से भटक गई है. उन्होंने कहा कि उनके पास अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं के फोन आए. उनसे लोग पूछ रहे थे कि महाराष्ट्र में कांग्रेस ने टिकट आवंटित करते समय उन्हें नजरअंदाज क्यों किया.

Related Articles

Back to top button