छत्तीसगढ़ में फिल्म पॉलिसी पर मंथन, सब्सिडी, फिल्म सिटी और शूटिंग सुविधाओं पर जोर
छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण का उभरता केंद्र बनाने की दिशा में हो रहा है कार्य

AINS NEWS रायपुर… छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड में राज्य की फिल्म पॉलिसी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य फिल्म नीति के प्रावधानों की जानकारी देना तथा फिल्म उद्योग से जुड़े निर्माताओं व हितधारकों से सीधा संवाद स्थापित करना था।

बैठक में हिंदी, क्षेत्रीय व ओटीटी फिल्मों के लिए उपलब्ध सब्सिडी योजनाओं, सिनेमा घर निर्माण व मरम्मत पर अनुदान तथा फिल्म शूटिंग उपकरणों की खरीदी पर वित्तीय सहायता संबंधी प्रावधानों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। संस्कृति विभाग के निदेशक एवं पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया व समय-सीमा की जानकारी देते हुए पारदर्शी तरीके से लाभ वितरण का आश्वासन दिया।
निर्माताओं व फिल्मकारों ने जमीनी स्तर की व्यावहारिक समस्याएं रखीं, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई। विवेक आचार्य ने राज्य में विकसित हो रही फिल्म सिटी और फिल्म टूरिज्म की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण का उभरता केंद्र बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। बैठक में प्रदेश के फिल्म निर्माता व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




