गरियाबंद

‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ की थीम पर एकीकृत आपातकालीन सेवाएँ मील का पत्थर साबित होंगीं : भाजपा महिला मोर्चा

नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112' और 'मोबाइल फॉरेंसिक वैन' से प्रदेश की जनता-जनार्दन अधिक सुरक्षित : अवस्थी

AINS NEWS जीवन एस साहू… भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ तथा ‘मोबाइल फॉरेंसिक वैन’ के शुभारंभ को प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक और सुरक्षात्मक सौगात बताते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ की संवेदनशील विष्णुदेव साय सरकार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। श्रीमती अवस्थी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह द्वारा 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों तथा 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करना यह साबित करता है कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं।

​भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी ने कहा कि ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह आधुनिक सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को एक ही मंच पर एकीकृत करती है। अब प्रदेश की महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि एक ही नंबर पर त्वरित सहायता उपलब्ध होगी।

इन वाहनों में शामिल स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से अब घटनास्थल की लाइव मॉनीटरिंग और रियल-टाइम ट्रैकिंग संभव होगी, जो अपराधियों पर लगाम कसने में अत्यधिक मददगार होगी। ​’सटीक जाँच, त्वरित न्याय’ के ध्येय की सराहना करते हुए श्रीमती अवस्थी ने कहा कि लगभग 65 लाख रुपये प्रति यूनिट लागत वाली 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्रदेश के 33 जिलों में अपराध अनुसंधान को एक नई और वैज्ञानिक दिशा देगी। इससे अदालतों में मामलों का निपटारा भी तेजी से होगा और अपराधियों को जल्द-से-जल्द सजा मिल सकेगी।

श्रीमती अवस्थी ने प्रदेश की समस्त मातृशक्ति और नागरिकों की ओर से इस अभूतपूर्व सौगात के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह, मुख्यमंत्री श्री साय और उपमुख्यमंत्री/गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का यह कदम छत्तीसगढ़ में सुशासन और ‘भयमुक्त समाज’ की स्थापना में सबसे मजबूत स्तम्भ बनेगा।

Related Articles

Back to top button