गरियाबंद

गरियाबंद पुलिस की पहल, गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को मिलीं किताबें और खेल सामग्री

पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी में विशेष व्यवस्था की गई

AINS NEWS… गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर की संवेदनशीलता और पहल के तहत पुलिस कॉलोनी में रहने वाले छोटे बच्चों के लिए इस गर्मी की छुट्टियों को ज्ञानवर्धक और मनोरंजक बनाया जा रहा है। बच्चों के सर्वांगीण विकास और छुट्टियों के रचनात्मक उपयोग के लिए पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी में विशेष व्यवस्था की गई है।

*लाइब्रेरी में कॉमिक्स और ज्ञानवर्धक पुस्तके*
पुलिस लाइन गरियाबंद के लाइब्रेरी में बच्चों के लिए उनकी पसंदीदा कॉमिक्स, ज्ञानवर्धक कहानियां और महापुरुषों की जीवनियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल स्क्रीन (मोबाइल-टीवी) से दूर रखकर बच्चों में बचपन से ही अध्ययन की आदत विकसित करना है।

*खेल सामग्री का भी मिला उपहार*
अध्ययन के साथ-साथ बच्चों के शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा खेल सामग्री भी वितरित की गई है। अब पुलिस कॉलोनी के बच्चे शाम के समय इन खेल सामग्रियों का उपयोग कर खेलकूद का आनंद ले रहे हैं, जिससे उनमें खेल भावना और आपसी तालमेल बढ़ेगा।

*पुलिस अधीक्षक का संदेश*
इस पहल पर बात करते हुए गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने कहा, “पुलिस कर्मी दिन-रात ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, जिससे वे अक्सर अपने बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। गर्मी की इन छुट्टियों में बच्चों का समय सही दिशा जैसे मोबाइल एवं टीवी से दूर रहकर बीते, इसी सोच के साथ यह शुरुआत की गई है। किताबें बच्चों का मार्गदर्शन करेंगी और खेल उन्हें स्वस्थ रखेंगे।”
इस सराहनीय प्रयास के लिए पुलिस कॉलोनी के परिजनों और बच्चों ने गरियाबंद पुलिस अधीक्षक एवं जिला पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button