RAIPUR

300 से अधिक मकानों की चेकिंग, गुण्डा-बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का किया सत्यापन

बी.एस.यू.पी. कॉलोनी में पुलिस का व्यापक आकस्मिक चेकिंग अभियान

AINS NEWS… शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल के निर्देशानुसार आज दिनांक 14.06.2026 को थाना सरस्वती नगर, आमानाका एवं न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित बी.एस.यू.पी. कॉलोनी में विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) एवं सहायक पुलिस आयुक्तगण (वेस्ट जोन) के मार्गदर्शन तथा संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा प्रातः 08ः00 बजे अभियान प्रारंभ कर कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों, मकानों एवं सार्वजनिक स्थलों की सघन जांच की गई।

चेकिंग अभियान के दौरान क्षेत्र में निवासरत गुण्डा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, आदतन अपराधियों एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की विस्तृत जांच की गई। इसके साथ ही बाहर से आकर किराये अथवा अस्थायी रूप से निवास कर रहे व्यक्तियों का सत्यापन किया गया तथा उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस टीमों द्वारा बी.एस.यू.पी. कॉलोनी के 300 से अधिक मकानों की सघन चेकिंग एवं सत्यापन कार्यवाही की गई। घर-घर जाकर निवासियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई तथा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए। अभियान के दौरान किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

अभियान के दौरान आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें कड़ी समझाइश दी गई कि वे किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि में संलिप्त न हों। साथ ही क्षेत्र के गुण्डा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित कर उन्हें अपने आसपास की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया। नागरिकों से किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने तथा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की गई।

इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करना, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक चेकिंग एवं सत्यापन अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।

 

Related Articles

Back to top button