राष्ट्रीय

यूट्यूबर ध्रुव राठी रिहा, दोबारा जंतर-मंतर जाने का प्रयास किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी

ध्रुव राठी भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार के आलोचक के तौर पर जाने जाते हैं

AINS NEWS… मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए जर्मनी से आए यूट्यूबर ध्रुव राठी को रिहा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने राठी को हिरासत से छोड़ते हुए एक चेतावनी भी दे दी है। राठी से कहा गया है कि यदि उन्होंने दोबारा जंतर-मंतर जाने का प्रयास किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा में जन्मे और पले-बढ़े ध्रुव राठी हायर एजुकेशन के लिए जर्मनी गए थे। इंजीनियरिंग करते हुए उनका रुख यूट्यूब कंटेंट क्रिएशन की ओर हो गया। ध्रुव राठी भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार के आलोचक के तौर पर जाने जाते हैं। सीजेपी के गठन के बाद से वह इसके समर्थन में दिख रहे हैं। अभिजीत दीपके और सौरभ दास के साथ उनकी अच्छी दोस्ती है।

8 अक्टूबर को बेंगलुरु में हुए सीजेपी के प्रदर्शन से पहले ध्रुव राठी भारत लौटे हैं। बेंगलुरु में ही उन्होंने दिल्ली के प्रदर्शन में भी शामिल होने का ऐलान किया था। शुक्रवार शाम को उन्होंने इंडिया गेट जाकर वीडियो भी बनाया और मोदी सरकार को चुनौती दी। हालांकि, शनिवार सुबह उन्हें गुरुग्राम के आवास से हिरासत में लिया गया।

बताया जा रहा है कि सुबह पुलिस ने उन्हें वहां जाकर समझाया कि वे जंतर-मंतर ना जाएं, क्योंकि प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। लेकिन जब वह नहीं माने तो हिरासत में ले लिया गया। राठी को 24 घंटे पूरे होने से पहले पुलिस ने हिरासत से रिहा कर दिया है। हालांकि, जाने से पहले पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर से दूर रहने की हिदायत दे दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि वह वहां जाने का प्रयास करते हैं तो दोबारा ऐक्शन लिया जाएगा।

सौजन्य – एनबीटी

 

Related Articles

Back to top button