छत्तीसगढ़

राशन की बोरियों से भरा ट्रैक्टर नाले में बह गया ,ग्रामीणों ने तैरकर बचाई जान

PDS के चावल से भरा ट्रक भी मेट्टूपल्ली से होकर बहने वाले बरसाती नाले में पानी के तेज बहाव में बह गया था।

छ्त्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बरसाती नाले में राशन से भरा एक ट्रैक्टर बह गया है। हालांकि, ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों ने तैरकर अपनी जिंदगी बचाई है। राशन की सभी बोरियां पानी में बह गई। बताया जा रहा है कि तेज बहाव के चलते करीब 1 किमी दूर ट्रैक्टर बहा और आगे पेड़ में फंस गया। मामला रविवार शाम का है। नक्सल प्रभावित अंदरूनी और नेटवर्क विहीन इलाका होने की वजह से प्रशासन को हादसे की जानकारी नहीं मिल पाई थी। मंगलवार दोपहर किसी तरह ग्रामीणों ने प्रशासन से संपर्क कर जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक, बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम इलाके के नक्सल प्रभावित गांव सेंड्रा में हादसा हुआ है। रविवार सुबह जब किसान जल्ला नाला को पार कर भोपालपट्टनम की तरफ गए तो उस समय नाले में थोड़ा बहुत ही पानी था। शाम को ट्रैक्टर में राशन की बोरियां लेकर लौटे तो जल स्तर बढ़ गया था। चालक ने कम पानी है सोचकर ट्रैक्टर को उतार दिया। जिससे इंजन बंद हो गया था। सब संभल पाते इससे पहले पानी के तेज बहाव के साथ ट्रैक्टर बह गया। हालांकि चालक समेत करीब 5 से 7 ग्रामीणों ने पानी में छलांग लगाई और दूसरे छोर पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने खुद बनाया वीडियो


ग्रामीणों ने खुद इस हादसे की वीडियो बनाया, लेकिन नेटवर्क विहीन इलाका होने की वजह से फौरन इस हादसे की सूचना वे प्रशासनिक अमले को नहीं दे पाए थे। मंगलवार को किसी तरह से ग्रामीण नेटवर्क इलाके में पहुंचे। फिर इस हादसे की जानकारी प्रशासन को दी। ग्रामीणों ने बताया कि, बीजापुर जिले में लगातार हो रही बारिश की वजह से अंदरुनी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। नदी-नालों में पुल-पुलिया नहीं होने का खामियाजा भुगतना पड़ता है। जरूरत के सामानों की आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं।

2 दिन पहले ट्रक भी पानी में बहा था


दरअसल, बीजापुर जिले में रविवार को ही PDS के चावल से भरा ट्रक भी मेट्टूपल्ली से होकर बहने वाले बरसाती नाले में पानी के तेज बहाव में बह गया था। लेकिन, ट्रक चालक ने तैरकर अपनी जान बचा ली थी। सूचना मिलने पर SDM और तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए थे। वहीं करीब 4 दिन पहले CRPF की कोबरा बटालियन का जवान ऑपरेशन मानसून के तहत सर्चिंग से लौट रहा था। इसी बीच बरसाती नाले को पार करते समय जवान भी पानी के तेज बहाव में बह गया था। कई घंटों की मशक्कत के बाद जवानों ने शव को ढूंढ लिया था।

Related Articles

Back to top button