रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, 1अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को निर्धारित तिथि पर गृह भाड़ा महंगाई भत्ता एवं अन्य सुविधाओं को दे रही है
के.शशिधरण केसकाल

AINS NEWS….केशकाल…… शुक्रवार को अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एक दिवसीय हड़ताल की गई, जिसमें मुख्य मांग गृह भाड़ा भत्ता, केंद्र की तिथि अनुसार महंगाई भत्ता, सेवा गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से जोड़ा जाना, पिंगुआ समिति और अन्य समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाना आदि मांगों को लेकर सरकारी अधिकारी कर्मचारी समस्त विकासखंड में हड़ताल पर रहे। जिसकी वजह से सभी शासकीय कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। 100% अधिकारी कर्मचारी के हड़ताल में रहने से जहां शासकीय कार्य ठप्प रहे वही अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में आयोजित एक दिवसीय हड़ताल में अधिकारी कर्मचारी नेताओं ने सरकार को जल्द मांगों को पूरा करने का अल्टीमेटम दिया अन्यथा 1 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी।
केशकाल के बोरगांव मैदान में बरसते पानी के बीच सारे कर्मचारी और अधिकारी अपनी एकता का परिचय देते हुए इस हड़ताल में शामिल रहे। सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता केदार जैन ने कहा कि हमें ज्ञात है की हमारे एक दिवसीय हड़ताल में जाने और आगामी दिनों की हड़ताल से निश्चित रूप से आम जनता के कार्यों पर प्रभाव पड़ेगा, परंतु इसके पूर्व भी कई बार सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं तथा आर्थिक नुकसान के बारे में अवगत कराया गया, बीच-बीच में अपनी जायज मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया, परंतु शासन अब तक किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की जिसके चलते मजबूरन हमें यह कदम उठाना पड़ा, आज महंगाई आसमान छू रही है वहीं केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को निर्धारित तिथि पर गृह भाड़ा महंगाई भत्ता एवं अन्य सुविधाओं को दे रही है, जबकि राज्य सरकार अपने कर्मचारी और अधिकारियों को यह सब सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा रही जिससे अधिकारी कर्मचारी को आर्थिक और मानसिक क्षति हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि जिस तरीके से आज प्रदेश के सारे कर्मचारी अधिकारी हड़ताल पर हैं और अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं एवं कर्मचारी अधिकारियों में रोष व्याप्त है ऐसे में सरकार को जल्द से जल्द निर्णय लेकर कर्मचारियों के हित में अपना फैसला देना चाहिए अन्यथा 1 अगस्त को अनिश्चितकालीन हड़ताल हेतु हमें रुख करना होगा।
शाम 4:00 बजे सभी अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर को लेकर नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सभी विभाग के अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रकाश साहू लोकेश गायकवाड , सामो नेताम,यशोदा मंडावी, भारती साहू,कुलदीप, शहजाद अली पाशा, आसाराम नेताम,गिरजा शंकर साहू,कौशल नेताम रोशन हिरवानी ,सैयद शोएब अली प्रीतेश नेताम , धन प्रसाद साहू नरेश लहरे,राजेश मांझी आदि मौजूद रहे।




