छत्तीसगढ़

केशकाल पर्यटन द्वारा फायर फ्लाई ट्रेल का हुआ आयोजन, पर्यटकों ने विभिन्न पर्यटन क्षेत्र का किया अवलोकन

टाटामारी केसकाल में स्वादिष्ट स्थानीय व्यंजनों एवं आयुर्वेदिक स्थानीय जड़ी बुटियों से बने पेय ब्लू टी, रेड टी, पर्पल टी आदि का भी आनंद

AINS NEWS….वनमण्डल केशकाल ईको पर्यटन के द्वारा जिला प्रशासन के सौजन्य से फायर फ्लाई ट्रेल का आयोजन हुआ । इस कार्यक्रम में 15 पर्यटक शामिल हुए। इस ट्रेल के प्रारंभ पर्यटकों ने टाटामारी केसकाल में स्वादिष्ट स्थानीय व्यंजनों एवं आयुर्वेदिक स्थानीय जड़ी बुटियों से बने पेय ब्लू टी, रेड टी, पर्पल टी आदि का भी आनंद लिया।
इसके पश्चात पर्यटकों ने लिंगोंदरहा जलप्रपात मुरवेंड में अवलोकन के साथ यहां की चट्टानों में बने शैल चित्रों का भी अवलोकन किया। कुंएमारी के विशालकाय जलप्रपात को देख कर इंडिया टुरिंज्म की ओर से आये बाला मुरूगन ने विस्मयीकृत होकर इसकी बहुत प्रशंसा की। इसके पश्चात सभी ने पांचवी सदी में बनाये गये गोबराहीन के प्राचीन शिव मंदिर को देखा। शाम को सभी होनहेड़ पहुंचे, जहां स्थानीय पर्यटन समूह के सदस्यों ने सभी पर्यटकों का फूलों एवं मालाओं से स्वागत किया। सभी पर्यटकों ने स्थानीय समिति द्वारा तैयार स्वल्पाहार ग्रहण कर होनहेड़ जल प्रपात का हाई टी के साथ आनंद लिया।
शाम ढ़लने के पश्चात सभी ने रांधा के जंगलों से गोबराहीन तक ट्रेक करते हुए रात में तारों के समान जगमगानें वाले हजारों जुगनुओं के अद्भूत दृश्य का आनंद लिया एवं टाटामारी में रात्रि विश्राम के साथ सुबह नाश्ते के साथ सनराईज पाइंट से ट्रेक करते हुए विभिन्न जड़ी बुटियों एवं पौधों के संबंध में जानकारी ली। ट्रेल के गाइड के रूप में सहायता कर रहे रिजवान ने सभी को वनस्पतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए उनके महत्व एवं प्रयोग के संबंध में भी जानकारी दी। इस आयोजन में जिले के सोशल मिडिया इंफ्लुएंसरों ने भी भाग लिया।

Related Articles

Back to top button