AINS NEWS…. छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत में बीती रात शोक की लहर दौड़ गई, जब खबर आई कि निर्देशक व अभिनेता अनुपम भार्गव की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुपम किसी काम से बिलासपुर गए थे और काम निपटाकर रायपुर लौट रहे थे तभी सरगांव के पास एक ट्रक ने उनकी कार को ठोकर मार दी, जिसमें अनुपम भार्गव व उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। अपोलो हॉस्पिटल ले जाते वक्त अनुपम भार्गव ने दम तोड़ दिया। जैसे ही यह खबर सिनेमा जगत में फैली सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि विगत कुछ ही वर्षों से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में पदार्पण करने वाले अनुपम भार्गव ने अपनी सरल छवि के चलते सभी के दिलों में एक खास जगह बना ली थी, वे सभी के प्रिय हो चले थे। अनुपम भार्गव ने अपने करियर की शुरुआत रेडियो जॉकी से की थी, उसके बाद उन्होंने फिल्मों में डेब्यू किया। उन्होंने कुछ फिल्मों में बतौर अभिनेता और निर्देशक की भूमिका निभाई। उनकी फिल्म तीन ठन भोकवा और जिमीकांदा काफी चर्चा में रही। आज उनका पार्थिव शरीर बिलासपुर में ही पंचतत्व में विलीन होगा, जिसमें शामिल होने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में के कई दिग्गज बिलासपुर पहुंच चुके हैं।





