
AINS NEWS 24X7…. भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जीत हासिल कर एक बार फिर पार्टी का परचम लहरा दिया है। अब भारतीय जनता पार्टी के पास तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री का चयन करना बहुत बड़ा विषय है, इसे लेकर दिल्ली में तीन दिनों तक लगातार मैराथन बैठक चली, अंत में तीनों राज्यों के लिए पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर दी गई और यही पर्यवेक्षक विधायक दल के नेता का चुनाव करेंगे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने राजस्थान के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को नियुक्त किया है, वहीं मध्य प्रदेश के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण और राष्ट्रीय सचिव सुश्री आशा लकड़ा को जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में जनजातिय मंत्री अर्जुन मुंडा, जहाजरानी मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम को पर्यवेक्षक बनाया गया है। जल्द ही भारतीय जनता पार्टी तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर सकती है।




