डिजिटल मार्केटिंग कंपनी चलाने वाली 31 वर्षीय महिला और उसके पांच साथियों को 22 फरवरी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
महिला ने एंकर की गतिविधियों का पता लगाने के लिए उसकी कार पर एक एयरटैग भी लगा दिया

AINS NEWS 24X7…… हैदराबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद एक महिला व्यवसायी (बिजनेस वुमन) ने टीवी एंकर का अपहरण कर लिया। पुलिस के मुताबिक, व्यवसायी महिला को एक टेलीविजन एंकर का पीछा करने और उसके विवाह प्रस्ताव ठुकराने के बाद अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया हैं. आरोपी महिला की पहचान भोगिरेड्डी त्रिशा के रूप में हुई है जो पांच स्टार्टअप कंपनियों की प्रबंध निदेशक हैं. त्रिशा ने टीवी म्यूजिक चैनल के एंकर प्रणव की प्रोफाइल मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर देखी और उसके बाद प्रणव से संपर्क किया. जब प्रणव ने विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो उसका अपहरण कर लिया. इस दौरान त्रिशा ने अपने साथियों की मदद भी ली. इसके बाद प्रणव किसी तरह बचकर भाग निकला और फिर पुलिस को पूरी घटना के बारे में जानकारी देते हुए मदद मांगी ।

हालांकि, जांच से पता चला कि प्रणव की वैवाहिक प्रोफ़ाइल को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से पेश किया गया था. उन्होंने बताया कि महिला ने कथित तौर पर टीवी एंकर का पीछा करने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसकी कार पर एक ट्रैकिंग डिवाइस लगा दिया था. डिजिटल मार्केटिंग कंपनी चलाने वाली 31 वर्षीय महिला और उसके पांच साथियों को 22 फरवरी को तेलंगाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दिलचस्प जानकारी सामने आई है कि महिला ने एंकर की गतिविधियों का पता लगाने के लिए उसकी कार पर एक एयरटैग भी लगा दिया था।




