राजनीति

मोदी सरकार ने आम लोगों की नहीं चुनिंदा अरबपतियों की चिंता की – प्रियंका गांधी

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और सम्मान को आगे बढ़ाने का काम किया

AINS NEWS…. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी की दस साल की सरकार में देश के आम लोगों के साथ अन्याय हुआ है। उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। मोदी सरकार ने आम लोगों की नहीं चुनिंदा अरबपतियों की चिंता की। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के मंच से आम लोगों की बातें नहीं की जाती हैं, केवल इवेंट की बातें की जाती हैं।  कोरबा से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना महंत के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा में दो प्रकार ने नेता हैं। एक वे जो दूसरे राजनीतिक दलों में रहते हुए भ्रष्टाचार किया और फिर भाजपा में शामिल होकर स्वच्छ हो गए और दूसरे वे नेता जो हवा में बात करते हैं। वे महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व स्वास्थ्य की बातें नहीं करते हैं। आपको यह नहीं बताया जाता कि देश में सत्तर करोड़ नौजवान बेरोजगार हैं। सरकारी भर्ती बंद है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और सम्मान को आगे बढ़ाने का काम किया, जिसकी चर्चा पूरे देश में होने लगी थी। लेकिन यह बात भाजपा को नागवार गुजरी क्योंकि उनके काम करने का तरीका अलग है। शायद यही वजह है कि भूपेश बघेल पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति से किसान, मजदूर कहीं नहीं है।  प्रियंका गांधी ने कहा कि चिरमिरी में सौ साल पुरानी कोयला खदान है, जिसका राष्ट्रीयकरण इंदिरा गांधी ने किया था क्योंकि वह चाहती थी कि इससे सबको रोजगार मिले परंतु अब आपका भविष्य कुछ चुनिंदा सेठों के हाथों में सौंपा जा रहा है। अब सेठ तय करता है कि आपका वेतन क्या होगा, आपको कब तक काम करना है। कांग्रेस इसी का विरोध करती है। क्योंकि भाजपा संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि संविधान ने ही नेता बदलने की ताकत दी है। चूंकि देश में धर्म और जाति की चर्चा होती है इसलिए नेता जवाबदेह नहीं रह गए हैं। उन्हें आम लोगों की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है।

Related Articles

Back to top button