प्रधानमंत्री आवास योजना : नगर निगम रायपुर द्वारा 8289 आवासों का आवासहींन परिवारों को आबंटन किया जा चुका, बीएसयूपी योजना: 11962 आवासों में लाभार्थी निवास कर रहे
40 मलिन बस्तियों के रहवासी उनमें व्यवस्थापित, सभी निवासरत

AINS NEWS रायपुर- छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा – निर्देशों के अनुरूप रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा राजधानी शहर रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के आवासहीन नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना की लोकहितेषी योजना के अंतर्गत अब तक 8289 आवासों का निर्माण करने उपरांत उन पक्के सुविधायुक्त आवासों में 8289 आवासहीन परिवारों को आवासों का आबंटन कर चुका है. आबंटिती प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर निगम रायपुर द्वारा निर्मित पक्के सुविधायुक्त आवासों में निवासरत हैँ. प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर को स्वीकृत 11581 आवासों में 8289 आवासों का निर्माण पूर्ण कर आबंटन करने के पश्चात नगर निगम द्वारा 2944 आवासों का कार्य एवं आवास आबंटन का कार्य प्रक्रिया के अंतर्गत नियमानुसार तेज गति से पूर्णता की ओर अग्रसर है. नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासों के कार्य की प्रतिदिन सतत मॉनिटरिंग नगर निगम के अधीक्षण अभियंता श्री राजेश शर्मा एवं कार्यपालन अभियंता श्री राजेश राठौर द्वारा निरन्तर की जा रही है. अधीक्षण अभियंता श्री राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र प्रवर्तित बीएसयूपी योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा 11962 आवासों का निर्माण एवं विकास कार्य पूर्ण करवाने के पश्चात उनमें राजधानी शहर की विभिन्न 40 मलिन बस्तियों के सम्बंधित रहवासी सभी परिवारों को व्यवस्थापित किया गया है. व्यवस्थापित किये गए सभी आबंटीति रहवासी बीएसयूपी योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों में निवासरत हैँ. प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रगतिरत शेष 2944 आवासों के कार्य आवास आबंटन की कार्यवाही नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत शीघ्र पूर्ण कर ली जाएगी.





