चुनाव की तारीखों का ऐलान, प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील
114 नगर पंचायतो 49 नगर पालिकाओं और 10 नगर निगमों के चुनाव संपन्न होंगे

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और नगरीय निकाय के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है, इसके साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो चुकी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत चुनाव तीन चरणों में 17, 20 और 23 फरवरी को होंगे और इसके नतीजे 18, 21 और 24 फरवरी को आएंगे। इसी तरह नगरीय निकायों में 11 फरवरी को मतदान होगा और 15 फरवरी को नतीजे आएंगे।

उन्होंने बताया कि इस दौरान 114 नगर पंचायतो 49 नगर पालिकाओं और 10 नगर निगमों के चुनाव संपन्न होंगे। निकायों के चुनाव ईवीएम से और पंचायत के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। उन्होंने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 25 फरवरी तक संपन्न कर ली जाएगी। निकाय चुनाव के लिए 22 जनवरी को नामांकन प्रारंभ होगा जो 28 जनवरी तक चलेगा। नाम वापसी के लिए 31 जनवरी अंतिम तिथि होगी। इसी तरह पंचायत चुनाव के लिए 27 जनवरी से 3 फरवरी तक नामांकन स्वीकार किए जाएंगे।




