RAIPUR

1 मार्च को निशुल्क सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन, 51 जोड़े तय

वर वधु को अनेक प्रकार के गृहस्थी में उपयोग आने वाली लगभग 70,000 रुपए की सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की जाएगी

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा 1 मार्च को निशुल्क सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया जा रहा है। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल और प्रमुख सलाहकार दीनदयाल गोयल ने बताया कि सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत उन सभी जाति और सनातन धर्म के परिवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे जिन्हें अपनी कन्या का विवाह इस सामूहिक आयोजन में निशुल्क संपन्न करना है।

अग्रवाल समाज की इस योजना का लाभ लेने के लिए छत्तीसगढ़ के अनेक गांव से लगभग 95 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें आवेदनों में कुछ त्रुटियां रही उन्हें निरस्त करते हुए अंतिम तौर पर 51 जोड़े तय कर दिए गए। बीपीएल परिवार के जोड़ों को महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत प्राप्त होने वाली ₹50,000 की राशि भी प्रदान करवाई जा रही है। ऐसे लगभग 30 जोड़े हैं जो बीपीएल परिवारों के अंतर्गत पात्रता रखते हैं,

प्रांतीय महिला संगठन की पदाधिकारीयों ने बताया कि अग्रवाल समाज सदैव से ही सेवा के कार्य करते आ रहा है, सेवा के इस भाव को ज्यादा विस्तारित करते हुए समाज का उद्देश्य है कि कन्या के विवाह में होने वाले अनाप-शनाप खर्च को लेकर जो मां-बाप चिंतित रहते हैं उन्हें किसी भी प्रकार से राहत मिल सके। वैदिक संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति परिवारों की रुचि बढ़े।

प्रचार प्रसार प्रभारी ज्योति अग्रवाल, पंजीयन प्रभारी वर्षा अग्रवाल और संगीता हरलालका ने बताया कि यह सामूहिक विवाह एक दिवसीय होगा जिसमें संपूर्ण वैदिक रीति से विवाह संपन्न कराए जाएंगे। सामूहिक विवाह में विवाह करने के इच्छुक 51 जोड़ों का विवाह शानदार पवित्र वातावरण में संपन्न करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। आर्य समाज की पद्धति से विवाह संपन्न करने के लिए महिला आर्य समाज रायपुर के श्रीमती अर्चना खंडेलवाल को उसकी जवाबदारी देते हुए तैयारी पूरी की गई है।

श्री विश्वामित्र जी इंदौर से पधारेंगे और वह अपने 51 बटुकों के साथ इस विवाह को पूरे विधि विधान से संपन्न करेंगे। इस सामूहिक विवाह समारोह में सम्मिलित होने वाले वर वधु को अनेक प्रकार के गृहस्थी में उपयोग आने वाली लगभग 70,000 रुपए की सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की जाएगी। सामूहिक विवाह पूरी तरह से निशुल्क होगा और 51 जोड़ों के विवाह का जो लक्ष्य रखा गया था उसे आशातीत सफलता प्राप्त हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button