
AINS NEWS… छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो होटलों पर बड़ी कार्रवाई की है। गंज थाना पुलिस ने आदित्य गेस्ट हाउस और फाफाडीह क्षेत्र में स्थित गगन ग्रांड होटल में दबिश दी, जहां से देह व्यापार में संलिप्त 11 युवतियों और 4 पुरुषों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार युवतियों में पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ की निवासी युवतियां शामिल हैं। इसके साथ ही पुलिस ने दोनों होटलों की महिला रिसेप्शनिस्ट को भी हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि होटल प्रबंधन की मिलीभगत से यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी। इसी आधार पर होटल मालिकों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने गंज थाना में पीटा (PITA) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई को शहर में अनैतिक गतिविधियों पर लगाम कसने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में चल रहे ऐसे अन्य संदिग्ध होटलों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की जा सकती है।




