मेडिकल कॉलेज की मान्यता प्रक्रिया में रिश्वतखोरी और हेरफेर के गंभीर मामले में कार्रवाई, तीन डॉक्टर सहित छह गिरफ्तार
छापों में कई दस्तावेज़, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री जब्त
AINS NEWS… केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मेडिकल कॉलेज की मान्यता प्रक्रिया में रिश्वतखोरी और हेरफेर के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए तीन डॉक्टरों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने रायपुर स्थित रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड रिसर्च के पक्ष में अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट देने के बदले 55 लाख रुपये की रिश्वत ली।

क्या है मामला?
सीबीआई को सूचना मिली थी कि कुछ मेडिकल कॉलेजों को अनुकूल निरीक्षण रिपोर्ट दिलवाने के लिए निरीक्षणकर्ताओं (डॉक्टर्स) और कॉलेज प्रबंधन के बीच अवैध लेन-देन हो रहा है। जांच में पता चला कि बेंगलुरु में 55 लाख रुपये की रिश्वत देकर रिपोर्ट को पक्ष में तैयार कराया गया।
सीबीआई ने जाल बिछाकर रिश्वत के लेन-देन के दौरान तीन डॉक्टरों समेत छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी के अनुसार, आरोपी विभिन्न मेडिकल कॉलेजों को एमसीआई/एनएमसी से मान्यता दिलाने के लिए निरीक्षण प्रक्रिया में हेरफेर कर रहे थे।
देशभर में छापेमारी
सीबीआई ने इस सिलसिले में कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में स्थित 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। इन छापों में कई दस्तावेज़, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालयों में पेश किया जाएगा। सीबीआई का कहना है कि आरोपियों ने निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए अलग-अलग रणनीतियों और बिचौलियों का इस्तेमाल किया।




