गरियाबंद

स्कूल में साइबर जागरूकता, नशा मुक्ति और कानून व्यवस्था पर पुलिस का विशेष अभियान

थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव बोले — “सुरक्षा और सजगता ही आधुनिक छात्र की सबसे बड़ी ताकत”

AINS NEWS गरियाबंद… वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार गरियाबंद पुलिस द्वारा आत्मानंद विद्यालय में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, यातायात नियमों, महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम और त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, ओटीपी शेयरिंग, फेक लिंक और फर्जी कॉल से बचाव के उपाय बताए। साथ ही अभिव्यक्ति ऐप और पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सऐप नंबर के माध्यम से शिकायत या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की प्रक्रिया समझाई।

नशा मुक्ति पर बात करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के भविष्य को नष्ट करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा और सकारात्मक सोच की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में लगभग 80 छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए। सभी ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।

थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव ने कहा —

“आज का विद्यार्थी कल का जिम्मेदार नागरिक है। इसीलिए गरियाबंद पुलिस का प्रयास है कि हर स्कूल तक सुरक्षा और जागरूकता का संदेश पहुंचे। साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात जैसे विषयों पर निरंतर जनजागरूकता जरूरी है। हमें गर्व है कि एसपी रखेचा के नेतृत्व और सतत मॉनिटरिंग में ये सभी अभियान लगातार प्रभावी रूप से चल रहे हैं। उनकी स्पष्ट दिशा और संवेदनशील पहल के कारण पुलिस-जन संवाद अब और मजबूत हुआ है।”

ओम प्रकाश यादव ने आगे कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना और सशक्त बने।

 

Related Articles

Back to top button