दो बच्चों की मौ#त से गुस्साई पब्लिक, कर दिया चक्का जाम, गाड़ियों की लगी कतारें
रायपुर के हीरापुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना

AINS NEWS… राजधानी रायपुर के हीरापुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वीर सावरकर नगर में निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में पानी भर जाने से दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे वीर सावरकर नगर वार्ड (हीरापुरा) के दो बच्चे घर से खेलने निकले थे। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पास ही स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट के गड्ढे के पास बच्चों की चप्पलें मिलीं। यह देखकर अनहोनी की आशंका में लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पानी भरे गड्ढे में तलाशी अभियान शुरू किया गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। शवों को देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।

हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। नाराज लोगों ने रिंग रोड पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने स्थिति को नियंत्रण में लिया।
जांच में जुटी पुलिस, निर्माण एजेंसी पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और रोष का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




