RAIPUR

छत्तीसगढ़ बना अपराधगढ़, रायपुर हुआ चाकूपुर – कन्हैया अग्रवाल

सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा अपराध : कन्हैया अग्रवाल

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने रायपुर सहित पूरे प्रदेश में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़ और राजधानी रायपुर को चाकूपुर बनाने की जिम्मेदार मौजूदा भाजपा सरकार है । प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि अवैध शराब, सट्टा, गांजा, चरस, अफीम जैसे नशे के धंधे खुलेआम फल-फूल रहे हैं, जिनके कारण रोजाना हत्या, चाकूबाजी, लूट, बलात्कार और उठाईगिरी की घटनाएं सामने आ रही हैं । नशे और सट्टे के अवैध कारोबार पर कब्जे के लिए खूनी संघर्ष हो रहे हैं, लेकिन पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है । पहली बार ऐसा हुआ की बाकायदा स्ट्रीट लाइट बंद करवा कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर आतंक फैलाया गया,हत्या की गई । बार में लड़की का सिर फोड़ कर हत्या कर दी गई ।

उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को पुलिस प्रशासन और सत्ताधारी नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। “सेंड गार्ड” और राजनीतिक बैकअप के कारण अपराधी बेखौफ होकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। जब तक अपराधियों, पुलिस और राजनीतिक संरक्षण के इस घातक गठजोड़ को नहीं तोड़ा जाएगा, तब तक राज्य को अपराध के आतंक से मुक्त नहीं किया जा सकता।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा को प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार “हमने बनाया, हम ही बिगाड़ेंगे” की मानसिकता पर चल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राजधानी और प्रदेश में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, तो सरकार और गृह विभाग आखिर किस बात की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

कन्हैया अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि केवल पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू कर देने से अपराध पर नियंत्रण नहीं होगा। जब तक अपराधियों के साथ गठबंधन और संरक्षण समाप्त नहीं किया जाएगा, तब तक किसी भी प्रणाली से जनता को सुरक्षा नहीं मिल सकती। उन्होंने सरकार से मांग की कि अवैध नशे और सट्टे के धंधों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, अपराधियों को मिल रहे राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच हो,
पुलिस व्यवस्था को स्वतंत्र, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाया जाए अन्यथा कांग्रेसजन जन सुरक्षा के सवाल पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे ।

 

Related Articles

Back to top button