क्राइम

ड्राई डे पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का अपराधियों पर शिकंजा, क्राइम यूनिट और थानों की संयुक्त कार्यवाही

नशे के विरुद्ध, अनैतिक व्यापार करने वालों और पब्लिक न्यूसेंस फैलाने वालों के विरुद्ध चला अभियान

AINS NEWS… रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर शहर में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप तथा डीसीपी सेंट्रल ज़ोन श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में एसीपी कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत आने वाले थाना कोतवाली, गंज एवं मौदहापारा क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री, नशीली दवाओं के कारोबार एवं सार्वजनिक स्थानों पर नशा कर उपद्रव फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित वैधानिक कार्यवाही की गई। इस दौरान थाना गंज क्षेत्र में आरोपी शुभम साहू (30 वर्ष) को नशीली दवाइयाँ Nitrazepam, Alprazolam एवं Spasmo-Proxyvon कैप्सूल सहित गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 22(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, वहीं फाफाडीह चौक क्षेत्र से आकाश सिंह (28 वर्ष) को 05 बोतल अंग्रेजी शराब मैकडॉवेल्स नं.01 के साथ पकड़कर धारा 34(1) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही की गई।

थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में प्रद्युम्न तांडी (45 वर्ष) से 45 पाव एवं सुरेश बंजारे (25 वर्ष) से 42 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की तथा नकद राशि जप्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इसी प्रकार थाना मौदहापारा क्षेत्र में अमजद खान (38 वर्ष) से 24 पाव गोवा स्पेशल व्हिस्की एवं बिक्री की रकम जप्त कर धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई, जबकि अनिमेष तिवारी (26 वर्ष) को सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए जाने पर धारा 36(च) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई। संपूर्ण डीसीपी सेंट्रल जोन में कार्यवाही की मॉनिटरिंग एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के मॉनिटरिंग में की गई।

डीसीपी सेंट्रल ज़ोन द्वारा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशे के कारोबार अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने के प्रयासों को अत्यंत गंभीरता से लेने तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस नीति” के तहत त्वरित एवं कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया है। पुलिस बल को पूर्व से ही संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया था तथा लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी रखी जा रही थी, जिसके परिणामस्वरूप यह प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।

वहीं पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने निर्देशित किया है कि कमिश्नरेट क्षेत्र में अवैध शराब, नशीली दवाओं, अनैतिक व्यापार एवं पब्लिक न्यूसेंस फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिक बिना भय के सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की सघन जांच एवं अभियानात्मक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध शराब बिक्री, नशीले पदार्थों का कारोबार अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाए रखा जा सके।

 

Related Articles

Back to top button