छत्तीसगढ़

ब्रेज़ा कार में मिला युवक का शव, मृतक की पहचान एसडीओ शोभा राम देहारी के रूप में हुई

प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात (हार्ट अटैक) का प्रतीत हो रहा

AINS NEWS… शहर के इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी एक ब्रेज़ा कार से युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह स्थानीय लोगों ने कार के अंदर एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत बोधघाट थाना पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान वृन्दावन कॉलोनी निवासी शोभा राम देहारी के रूप में हुई है। वे छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के नियानार कार्यालय में एसडीओ (SDO) पद पर पदस्थ थे। घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही बोधघाट थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज जगदलपुर भेज दिया गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक बीती रात शराब के नशे में किसी से फोन पर ऊंची आवाज में बातचीत कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात (हार्ट अटैक) का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले क्या परिस्थितियां थीं। फिलहाल, किसी तरह की आपराधिक आशंका की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

 

Related Articles

Back to top button