सामाजिक समरसता और समानता के संदेश के साथ संपन्न हुई जिला संगोष्ठी
बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक – राजीव सिंह

AINS NEWS गरियाबंद… भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर गरियाबंद के वन विभाग स्थित ऑक्शन हॉल में आयोजित जिला संगोष्ठी कार्यक्रम में मुख्य वक्ता भारतीय जनता पार्टी के संभागीय सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने बाबा साहेब के जीवन और विचारों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वक्ता राजीव सिंह ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और दलित, शोषित, वंचित वर्गों तथा महिलाओं की आवाज बनकर समाज में समानता और न्याय की नींव रखी।

जिला संगोष्ठी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने और अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचारों की वजह से आज समाज समानता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राजीव सिंह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंडित दीनदयाल उपाध्याय और बाबा साहेब अंबेडकर की सोच पर कार्य कर रहे हैं, जिससे विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में मदद मिल रही है।

उन्होंने बाबा साहेब के प्रसिद्ध संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” को जीवन में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यही तीन सूत्र समाज को आगे बढ़ाने का मार्ग दिखाते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि बाबा साहेब “दो विधान, दो प्रधान और दो निशान” के विरोधी थे और देश की एकता व अखंडता के पक्षधर थे। राजीव सिंह ने कहा कि बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को “पंचतीर्थ” के रूप में विकसित किया गया है, जो उनके संघर्ष और उपलब्धियों की गाथा बताते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बाबा साहेब ने किराए के मकान में रहकर लंदन में पढ़ाई की और कठिन परिस्थितियों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के लिए प्रेरणा बने। कार्यक्रम में उन्होंने बाबा साहेब के आदर्शों, उपदेशों और संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब जन-जन के नेता थे, जिन्होंने समाज को संगठित करने और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न समाज प्रमुखों व लोगों से बाबा साहेब के जीवन और विचारों का अध्ययन कर उनके बताए मार्ग पर चलने की अपील की गई।
जिला संगोष्ठी कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिला संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित की गई। इसके तहत साफ-सफाई, दीप प्रज्ज्वलन, समाज प्रमुखों के साथ संवाद और उनका सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जो इस बात का संदेश है कि सभी समाज एक हैं और हमें मिलकर आगे बढ़ना है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया था। आज आवश्यकता है कि शिक्षा के क्षेत्र में समरसता के साथ आगे बढ़ते हुए उनके विचारों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। कहा कि बाबा साहेब के सामाजिक संघर्षों की गाथा युवाओं को प्रेरित करती है और समाज को समानता के अधिकार की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है। बाबा साहेब ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और समान अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए। जिला संगोष्ठी कार्यक्रम में समाज प्रमुखों का सम्मान किया गया और सभी ने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश साहू, भाजपा महामंत्री डॉ आशीष शर्मा, कार्यक्रम के संयोजक व महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सुरेन्द्र सोनटेके, प्रदेश अनु.जनजाति मोर्चा के प्रवक्ता चंद्रशेखर सोनवानी, प्रवक्ता शिवांगी चतुर्वेदी, लालिमा ठाकुर, पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, छुरा नगर पंचायत अध्यक्ष निषाद, बिंदु दीदी, पारस ठाकुर, अनु. जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष उत्तम चंद्रवंशी, वरिष्ठ भाजपा नेता बलदेव सिंह हुंदल, अनूप भोंसले, मंडल अध्यक्षद्वय धनराज विश्वकर्मा, सुमित पारख, रिकेश साहू, राधेश्याम सोनवानी, नरोत्तम साहू, शेषनारायण गजभिए, बिंदु सिन्हा, रेणुका साहू, नेहा जॉन, सरला उईके, किशन कंडरा, गुलाब यादव, विष्णु मरकाम, शुभम सांग, मानव निर्मलकर, हिरेंद्र साहू सहित विभिन्न समाज के लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।




