क्राइमछत्तीसगढ़

कोटमीकला हाट बाजार में ज्वेलरी व्यापारी की हत्या और लूट का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

कब्जे से हत्या में इस्तेमाल देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और लूटे गए आभूषण बरामद

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में 26 मई को हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल और लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने TechINT और HumINT की मदद से धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और लूटे गए आभूषण बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दूसरे राज्यों में दबिश दे रही हैं।

26 मई की शाम करीब सात बजे कोटमीकला हाट में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी से सोने-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर बदमाशों ने अवैध हथियार से प्रदीप सोनी पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को चौकी कोटमीकला की पेट्रोलिंग गाड़ी से तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी सोने-चांदी से भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। इस जघन्य वारदात के बाद बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग खुद घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए थे।

जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड खुशीराम साहू निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर है। उसने अपने भतीजे राजाराम साहू और बिहार-झारखंड के परिचित राहुल के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। 23 मई को राहुल अपने साथी संजय और राजू के साथ खुशीराम के घर बिटकुला पहुंचा था। यहां पूरी योजना बनाने के बाद 26 मई को सभी आरोपी देवरीखुर्द स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे और बाजार में ज्वेलरी व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। शाम होते ही राहुल और उसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया।

हत्या और लूट के बाद आरोपियों ने देवरीखुर्द में गया प्रसाद रजक के घर लूटे गए आभूषणों का बंटवारा किया। कुछ आभूषणों की पैकिंग सामग्री को पास की टेकरी में जलाकर नष्ट कर दिया गया। वहीं, खुशीराम साहू और गया प्रसाद रजक ने घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और अपने हिस्से के आभूषण टेकरी में छुपा दिए थे, जिसे पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी खुशीराम साहू, उसके भतीजे राजाराम साहू और शरण देने वाले गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण और वारदात में इस्तेमाल तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। फरार आरोपी राहुल, संजय और राजू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बिहार-झारखंड भेजी गई है।

इस बड़ी कामयाबी में आईजी रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, एसडीओपी राजेश देवांगन, एसडीओपी श्याम सिदार, निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, निरीक्षक अंजना केरकट्टा, निरीक्षक सनीप रात्रे, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह समेत साइबर सेल जीपीएम, मुंगेली, एसीसीयू बिलासपुर और बिलासपुर रेंज की कई पुलिस इकाइयों की अहम भूमिका रही। थाना पेण्ड्रा में आरोपियों के खिलाफ धारा 103, 309(6), 313, 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button