सरकारी वाहन चालकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 150 से अधिक लोगों की हुई जांच
बीपी, शुगर और नेत्र परीक्षण के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश, शौर्य पुलिस पेट्रोल पंप परिसर में लगा विशेष शिविर

AINS NEWS गरियाबंद… सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए गरियाबंद पुलिस ने बुधवार को देवभोग रोड स्थित शौर्य पुलिस पेट्रोल पंप परिसर में विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों के वाहन चालकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें स्वस्थ और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना था। शिविर का लाभ आम नागरिकों और अन्य वाहन चालकों को भी दिया गया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने रक्तचाप (बीपी), शुगर और नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच पूरी तरह नि:शुल्क की। साथ ही प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में सरकारी विभागों के वाहन चालक, पुलिसकर्मी, कर्मचारी और आम नागरिकों सहित 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना है। इसी सोच के साथ समय-समय पर जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सीधे लाभ मिल सके और समाज में स्वास्थ्य व जागरूकता का संदेश पहुंचे।
यातायात डीएसपी लितेश सिंह ने बताया कि यह विशेष अभियान मुख्य रूप से सरकारी विभागों के वाहन चालकों के लिए शुरू किया गया है। शौर्य पुलिस पेट्रोल पंप परिसर में पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ चालक ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था की आधारशिला हैं, इसलिए वाहन चालकों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है। शिविर के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया।

नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर से हमें काफी लाभ मिला। गरियाबंद पुलिस की यह पहल सराहनीय है, ऐसे शिविर नियमित लगने चाहिए- गौरव पटेल
“गरियाबंद पुलिस द्वारा लगाया गया यह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर बहुत अच्छी पहल है। हमें बीपी, शुगर और आंखों की जांच एक ही जगह पर नि:शुल्क करवाई गई। ऐसे शिविर समय-समय पर लगते रहें तो आम लोगों और वाहन चालकों को काफी लाभ मिलेगा। इसके लिए मैं गरियाबंद पुलिस और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर का धन्यवाद करता हूं।”
वही शिविर का लाभ लेते हुए दर्शना शर्मा ने कहा
“इस स्वास्थ्य शिविर में आकर जांच कराना हमारे लिए बहुत सुविधाजनक रहा। डॉक्टरों ने स्वास्थ्य की जांच के साथ जरूरी सलाह भी दी। गरियाबंद पुलिस की यह पहल सराहनीय है। ऐसे जनहित के कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समय पर बीमारी की पहचान में भी मददगार साबित होते हैं।”
गरियाबंद पुलिस केवल स्वास्थ्य शिविरों तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के मालगांव, बारूका सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाकर सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण करना है।




