गरियाबंद

जगन्नाथ पुरी जैसी भव्य रथ यात्रा की झलक दिखेगी गरियाबंद में, गूंजेगा जय जगन्नाथ

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आकर्षक झांकियां बनेंगी विशेष आकर्षण

AINS NEWS गरियाबंद… भगवान श्री जगन्नाथ की विश्वविख्यात रथ यात्रा की दिव्य परंपरा की झलक इस वर्ष गरियाबंद नगर में देखने को मिलेगी। श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल, गरियाबंद के तत्वावधान में 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक आस्था, भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला यह आयोजन नगर के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
भगवान स्वयं भक्तों के बीच आते हैं

सनातन परंपरा में भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि वर्ष में एक बार भगवान श्री जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए मंदिर से बाहर निकलते हैं और गुंडिचा मंदिर (मौसी मां के घर) की यात्रा करते हैं। यह यात्रा इस बात का प्रतीक है कि भगवान अपने भक्तों के सुख-दुख में सहभागी बनने स्वयं उनके बीच आते हैं। रथ की रस्सी खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इससे सुख, समृद्धि तथा आध्यात्मिक उन्नति की प्राप्ति होने की मान्यता है।

शाम 3 बजे श्रीराम जानकी मंदिर से होगा शुभारंभ
आयोजन समिति के अनुसार रथ यात्रा का शुभारंभ 16 जुलाई को शाम 3 बजे श्रीराम जानकी मंदिर से होगा। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का सुसज्जित रथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुंडिचा मंदिर (पुराना मंडी बाजार, शीतला चौक) पहुंचेगा। यात्रा मार्ग में श्रद्धालु महाप्रभु के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
यह रहेगा रथ यात्रा मार्ग

रथ यात्रा श्रीराम जानकी मंदिर से प्रारंभ होकर भुनेश्वरनाथ चौक, शारदा चौक, तिरंगा चौक, कुम्हारपारा पारा, सुभाष चौक, यादव पारा, बजरंग चौक, मानस चौक, शिव दुर्गा मंदिर, तिरंगा चौक होते हुए गुंडिचा मंदिर (पुराना मंडी बाजार, शीतला चौक) पहुंचेगी।

भक्ति के साथ संस्कृति का भी होगा भव्य संगम
रथ यात्रा में नवनिर्मित भव्य रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। इसके साथ रायपुर का प्रसिद्ध जय अखंड धूमाल, साई डीजे एवं अत्याधुनिक लाइट शो, मां मेलोडी, रितेश लाइट्स एंड लेजर, यू.बी. साउंड एंड लाइट, ओडिशा का पारंपरिक कालाहांडी कट्टप्पा, राम सेतु की चलित झांकी, लाइव एसएफएक्स एवं इवेंट प्रोग्राम, बालिका दल द्वारा श्री हरि संकीर्तन, मध्यप्रदेश का पारंपरिक बैगा लोक नृत्य तथा छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय लोक कलाकार रमन बॉय निषाद की प्रस्तुति इस आयोजन को और भी भव्य एवं यादगार बनाएगी।
श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील

श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल, गरियाबंद ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल होकर महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता का महापर्व है, जो पूरे नगर को भक्ति के रंग में रंग देगा।

 

Related Articles

Back to top button