दो दिवसीय विशेष वारंट तामीली अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारी सम्मानित
अभियान के दौरान सेंट्रल जोन के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 143 वारंटों की प्रभावी तामील की गई

AINS NEWS… रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा डीसीपी सेंट्रल जोन क्षेत्र में संचालित दो दिवसीय विशेष वारंट तामीली अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, श्री तुकाराम कांबले (भा.पु.से.) द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि डीसीपी सेंट्रल जोन श्री तारकेश्वर पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विवेक शुक्ला के पर्यवेक्षण में संचालित विशेष अभियान के दौरान सेंट्रल जोन के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 143 वारंटों की प्रभावी तामील की गई थी। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा योजनाबद्ध रणनीति, तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना तंत्र एवं सतत प्रयासों के माध्यम से लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई, जिसके उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हुए।

अभियान में सराहनीय कार्य के लिए परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक अमित कोसमा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार, थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक यमन देवांगन, थाना प्रभारी गंज निरीक्षक दीपक पासवान, थाना प्रभारी तेलीबांधा निरीक्षक अजय झा, थाना प्रभारी गोलबाज़ार निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, थाना प्रभारी देवेंद्रनगर निरीक्षक दिपेश सैनी तथा थाना प्रभारी मौदहापारा निरीक्षक शक्ति सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उक्त अधिकारियों को वारंट तामीली अभियान की योजनाबद्ध रणनीति तैयार करने, तकनीकी एवं स्थानीय सूचनाओं का प्रभावी विश्लेषण करने तथा अभियान स्तर पर बड़ी संख्या में वारंटों की सफल तामीली सुनिश्चित करने के लिए यह प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) ने अधिकारियों की कार्यशैली, योजनाबद्ध रणनीति, प्रभावी विश्लेषण एवं टीमवर्क की सराहना की। उन्होंने कहा कि न्यायालयों द्वारा जारी वारंटों की समयबद्ध तामीली कानून के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में भी इसी समर्पण, पेशेवर दक्षता एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए फरार वारंटियों एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा न्यायालयीन आदेशों के त्वरित पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मध्य जोन के पुलिस उपायुक्त श्री तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विवेक शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली श्री दीपक मिश्रा तथा सहायक पुलिस आयुक्त सिविल लाइन श्री रमाकांत साहू उपस्थित रहे।




