बरसते पानी में कांवड़ियों की सेवा ने जीता दिल, श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल ने गर्म पानी से धोए पैर
चाय-बिस्किट और विश्राम की व्यवस्था से सेवा भाव की हर ओर सराहना

AINS NEWS गरियाबंद… सावन के तीसरे सोमवार को बाबा भूतेश्वरनाथ धाम में उमड़ी आस्था की भीड़ के बीच श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल, गरियाबंद की सेवा भावना ने लोगों का दिल जीत लिया। बरसते पानी के बीच समिति के सदस्यों ने भूतेश्वरनाथ रोड पर कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाकर चाय-बिस्किट, विश्राम की व्यवस्था के साथ विशेष सेवा किट तैयार की।

कांवड़ लेकर बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की थकान दूर करने के लिए समिति के सदस्यों ने गर्म पानी से उनके पैर धोए और मूव लगाकर पैर दबाए। इसके बाद कांवड़ियों को चाय-बिस्किट खिलाकर विश्राम कराया गया। सेवा का यह दृश्य देखकर राहगीर भी समिति के सदस्यों की सराहना करते नजर आए।
प्रहलाद यादव ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना बाबा भूतेश्वरनाथ की सेवा के समान है। सावन के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को थोड़ी राहत और अपनापन देना ही समिति का उद्देश्य है।
नमन सेन ने कहा कि सावन के पावन महीने में बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए दूर-दूर से आने वाले कांवड़ियों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। बरसते पानी में भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही सेवा करने का जज्बा और बढ़ जाता है। गर्म पानी से पैर धोना, मूव लगाकर थकान दूर करना, चाय-बिस्किट और विश्राम की व्यवस्था करना हमारी छोटी-सी कोशिश है। श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल का उद्देश्य है कि बाबा के भक्तों को रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो और वे सुखद अनुभव के साथ बाबा भूतेश्वरनाथ का जलाभिषेक कर सकें।

वहीं कन्हैया कश्यप ने कहा कि बरसते पानी में भी सेवा का उत्साह कम नहीं हुआ और कांवड़ियों की हरसंभव मदद करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है।
सावन के दौरान बाबा भूतेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचते हैं। तीसरे सोमवार को गरियाबंद से लेकर भूतेश्वरनाथ धाम तक पूरा क्षेत्र बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। पांडुका से मोहरा, माजरकट्टा और शिव मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेवा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां भोजन, चाय-पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन और पुलिस भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद नजर आई।
श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल की इस सेवा में नमन सेन, विक्कू सिन्हा, अंकित सिन्हा, प्रेम यादव, शेष नारायण सिन्हा, सागर सिन्हा, वंश दासवानी, मुकेश रावत, बिट्टू सिन्हा, शुभम यादव सहित समिति के सदस्य सक्रिय रहे।




