प्रभा फाउंडेशन सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, वरिष्ठ जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में 51 हस्तियां सम्मानित
ज्ञानेंद्र तिवारी और संदीप शुक्ला समेत 5 प्रमुख पत्रकार भी हुए सम्मानित

AINS NEWS रायपुर… “सेवा को सम्मान, समर्पण को सलाम” के प्रेरक संदेश के साथ स्वर्गीय श्रीमती प्रभा त्रिवेदी जी की पावन स्मृति में प्रभा फाउंडेशन द्वारा प्रभा सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता, जनसेवा, कला-संस्कृति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना तथा नई पीढ़ी को सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय,सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू तथा महापौर मीनल चौबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच पर प्रभा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विद्याकांत त्रिवेदी, सचिव डॉ. उपेंद्र त्रिवेदी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रभा फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी ने बताया कि समारोह में विभिन्न श्रेणियों में कुल 51 प्रतिभावान एवं विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 5 वरिष्ठ पत्रकारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिसमें ज्ञानेंद्र तिवारी,संदीप शुक्ला,रोहित सोनी,प्रतीक चौहान, आकाश शुक्ला विशेष रूप से सम्मानित हुए। समारोह का सबसे विशेष और गौरवपूर्ण क्षण चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में दीर्घकालीन एवं अतुलनीय योगदान देने वाले डॉ. दिनेश मिश्रा को “लाइफ टाइम अचीवमेंट प्रभा गौरव शिखर सम्मान” से अलंकृत किया जाना रहा।

कोषाध्यक्ष डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी ने आगे कहा कि प्रभा फाउंडेशन केवल पुरस्कार वितरण करने वाली कोई संस्था मात्र नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक निस्वार्थ भाव से सेवा, संवेदना और उत्तरदायित्व का प्रकाश पहुँचाने का एक निरंतर चलने वाला महायज्ञ है। उन्होंने पुरजोर शब्दों में रेखांकित किया कि हमारी मूल चेतना ऐसे मौन कर्मयोगियों को पहचान कर उन्हें जन-मंच पर प्रतिष्ठित करना है, जिन्होंने बिना किसी प्रचार की लालसा के अपना जीवन लोक-कल्याण को समर्पित कर दिया है।

प्रभा फाउंडेशन आने वाले समय में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक चेतना के नए आयाम स्थापित करते हुए, भावी पीढ़ी के भीतर निस्वार्थ जनसेवा के नए संस्कार गढ़ने और ‘सेवा की इस अमर ज्योति’ को निरंतर जाज्वल्यमान रखने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ प्रतिबद्ध रहेगा।
आपको बता दे कि प्रभा फाउंडेशन की स्थापना स्व. श्रीमति प्रभा त्रिवेदी जी (धर्मपत्नी डॉ. विद्याकांत त्रिवेदी एवं माताजी डॉ. उपेंद्र व डॉ. उत्कर्ष त्रिवेदी) के संस्कारों और सेवा भावना को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से की गई है। डॉ. त्रिवेदी परिवार लंबे समय से होम्योपैथी चिकित्सा और निःस्वार्थ समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने प्रभा फाउंडेशन एवं ‘डॉ. त्रिवेदीज होम्योपैथी’ के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। समारोह को सफल बनाने में आयोजन समिति और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




