“संवाद से समाधान” अभियान के तहत पश्चिम क्षेत्र पुलिस का व्यापक साइबर जागरूकता अभियान
विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर 1,165 विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति किया जागरूक

AINS NEWS… पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रोबिनसन गुड़िया (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्तों के निर्देशन में “संवाद से समाधान” अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस अधिकारियों एवं थाना स्टाफ द्वारा स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से संवाद करते हुए ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल/मैसेज, फर्जी लिंक, QR कोड, OTP एवं सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, पासवर्ड, ATM/डेबिट कार्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक एवं संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करने की समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों में कुल 1,165 विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इनमें थाना डीडी नगर क्षेत्र के KPS स्कूल में 370, शिवम एकेडमी/शिवोम विद्यापीठ में 280, थाना अमानाका क्षेत्र के महर्षि दयानंद स्कूल में लगभग 300, थाना टिकरापारा क्षेत्र के नगर निगम हायर सेकेंडरी स्कूल में लगभग 65 तथा थाना कबीर नगर क्षेत्र के होली फेथ स्कूल में लगभग 150 विद्यार्थी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त विवेकानंद विद्यापीठ स्कूल, कोटा एवं पूर्व माध्यमिक स्कूल, कोटा मस्जिद के पास भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने, प्राइवेसी एवं सुरक्षा सेटिंग मजबूत रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा बताया गया कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें तथा नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल को जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस उपायुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र द्वारा सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के बीच निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर साइबर अपराध की रोकथाम, डिजिटल सुरक्षा एवं सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जाए।
पश्चिम क्षेत्र पुलिस की अपील:
साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें, अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें और साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




