छत्तीसगढ़

डिब्बा खोलते ही मिठाई के अंदर कीड़ा दिखाई दिया, दुकान की साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर सवाल

मिठाई में मिला कीड़ा, खाद्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल

AINS NEWS… त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ गई है, लेकिन जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण से मिठाई की गुणवत्ता को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुख्य मार्ग स्थित कान्हा स्वीट्स एवं डेली नीड्स से खरीदी गई मिठाई के डिब्बे में कीड़ा मिलने का आरोप है। ग्राहक के मुताबिक, डिब्बा खोलते ही मिठाई के अंदर कीड़ा दिखाई दिया, जिसके बाद दुकान की साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।मामला शिवरीनारायण के मुख्य मार्ग स्थित कान्हा स्वीट्स एवं डेली नीड्स का बताया जा रहा है।

ग्राहक ज्योति कश्यप के मुताबिक, उन्होंने दुकान से मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचकर जब मिठाई का डिब्बा खोला गया, तो उसमें कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद पूरे मामले को लेकर नाराजगी सामने आई और मिठाई की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे।-बताया जा रहा है कि दुकान का संचालन मनोजिया केशरवानी द्वारा किया जाता है। त्योहारी सीजन में जहां बड़ी संख्या में लोग मिठाइयां खरीद रहे हैं, वहीं इस तरह की शिकायत सामने आने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था पर चिंता बढ़ गई है।

प्रदेशभर में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों, मावे और मिठाइयों में मिलावट की जांच के लिए अभियान चलाए जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में जांजगीर-चांपा जिले में खाद्य एवं औषधि विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।शिकायतकर्ता का आरोप है कि मिठाई में कीड़ा मिलने की जानकारी के बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। हालांकि, मामले की वास्तविकता और मिठाई की गुणवत्ता की पुष्टि जांच और सैंपल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

त्योहारी सीजन में मिठाई हर घर की खुशी का हिस्सा होती है, लेकिन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी ऐसी शिकायतें सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा सवाल खड़ा करती हैं। अब बड़ा सवाल यही है कि शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और मिठाई का सैंपल लेकर उसकी जांच कराई जाती है या नहीं।फिलहाल निगाहें खाद्य एवं औषधि विभाग की कार्रवाई पर हैं। क्या विभाग मामले की जांच करेगा? क्या मिठाई का सैंपल लिया जाएगा? और अगर शिकायत सही पाई जाती है, तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी

 

Related Articles

Back to top button