पुलिस के अचानक जांच अभियान से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप, संचालकों, मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ
शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की गई

AINS NEWS… राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार को बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की गई। कार्रवाई के लिए पुलिस ने 15 टीमें गठित की थीं, जिनमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। अलग-अलग टीमों ने स्पा सेंटरों में पहुंचकर संचालकों, मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ की तथा दस्तावेजों का सत्यापन किया।

पुलिस के इस अचानक जांच अभियान से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य स्पा सेंटरों की आड़ में होने वाली किसी भी प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि पर रोक लगाना और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने ग्राहकों के रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और कर्मचारियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा सेंटरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता और फुटेज सुरक्षित रखने की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।




