छत्तीसगढ़

जमीन और संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों में खूनी संघर्ष, हमले में महिला की मौत

मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला के छोटेभाठा का

AINS NEWS… जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला से जमीन और संपत्ति विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। पुराने विवाद के चलते एक दंपती पर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति का बिलासपुर सिम्स में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला के छोटेभाठा का है। पुलिस के मुताबिक, पुन्नी राम साहू, पिता हीरालाल, मूल रूप से सलखन का रहने वाला था और अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पुन्नी राम का अपने भाई जनकराम के साथ जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

शनिवार रात करीब 8 बजे पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान जनकराम ने दंपती पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पामगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं उसके पति का इलाज अभी जारी है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे जनकराम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान जनकराम ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

फिलहाल पुलिस घटना के कारणों, विवाद की वास्तविक वजह और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

सावन सारथी, थाना प्रभारी पामगढ़

 

Related Articles

Back to top button