बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में 13 किलो अवैध गांजा बरामद, कीमत 6 लाख 50 हजार
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी और 29 के तहत अपराध दर्ज

AINS NEWS… बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने जयरामनगर रेलवे फाटक के पास दबिश देकर चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे तीन पुरुष और एक महिला गांजा लेकर खड़े हैं और मटियारी जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसीसीयू बिलासपुर और मस्तूरी पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस ने आकाश सिसोदिया, उसकी पत्नी पूर्वा मालिया, कृष्णा पांडेय और मध्यप्रदेश के उमरिया निवासी नीरज नायक को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पिट्ठू बैग और झोले से कुल 13 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से सस्ते दाम पर खरीदकर मटियारी और सीपत क्षेत्र में महंगे दाम पर बेचने के लिए लाने की बात कबूल की है।
मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी और 29 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




