महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ में युवक की मौत के मामले में जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

AINS NEWS… रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला मित्र से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय शिवा सेठ्ठी के साथ मारपीट के बाद उसकी मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।दरअसल, 8 सितंबर की दरम्यानी रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने शिवा के वहां आने को लेकर विवाद किया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने एक राय होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की और उसे जमीन पर पटक-पटककर पीटा। मारपीट में शिवा को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहले थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और बीच-बचाव करने वाले गवाहों के बयान दर्ज किए।
गवाहों के बयानों में तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया गया।
मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण शिवा की मौत होना पाए जाने पर 12 सितंबर को थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 540/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की।
पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी राजू महंत और कृष्णा साव पूर्व कार्रवाई के तहत जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और रिहा होने वाले हैं। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों को उनके परिजनों के साथ तलब कर पूछताछ के लिए थाने लाया।
पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में दोनों आरोपियों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी से मारपीट करना स्वीकार किया। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
वहीं तीसरा आरोपी धन्नू निषाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
रायगढ़ पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एसएसपी शशि मोहन सिंह




