गरियाबंद

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन दीदी का हुआ सम्मान

महिलाओं और बच्चों को दी गई स्वास्थ्य, पोषण एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

AINS NEWS गरियाबंद… जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 3, संतोषी नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद श्रीमती रेणुका साहू मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान उपस्थित महिलाओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण, मातृत्व देखभाल और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दी गईं। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि जरूरतमंद परिवार इन योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

*गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, मातृत्व एवं पोषण का दिया संदेश*

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराई गई। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को मातृत्व के दौरान आवश्यक सावधानियों, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और बेहतर देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई। इस आयोजन के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा महिलाओं को जागरूक कर स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

*पार्षद रेणुका साहू ने कहा — महिलाओं और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए ऐसे अभियान जरूरी*

कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती रेणुका साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों को उनका लाभ दिलाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों का स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। ऐसे आयोजनों से महिलाओं में जागरूकता बढ़ती है और वे शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने परिवार के जीवन स्तर में सुधार कर सकती हैं।

*आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन दीदी का सम्मान*

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य एवं जनसेवा के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती नूतन संगानी एवं सहायिका श्रीमती पुष्पा नेताम को शाल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मितानिन दीदी श्रीमती सरिता सेन को साड़ी, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को बिस्किट के पैकेट भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद श्रीमती रेणुका साहू, श्रीमती तकेश्वरी साहू, सुपरवाइजर श्रीमती राधा रानी सोनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती नूतन संगानी, सहायिका श्रीमती पुष्पा नेताम, मितानिन दीदी श्रीमती सरिता सेन, कौशल्या राठौर, सुशील यादव, कविता वैष्णव, कंसारी माताजी, अमीशा टंडन, लोकेश्वरी नेताम, मानसी, पिंकी कंसारी, केसर ध्रुव, चांदनी भोसले सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button