गरियाबंद

कुटेना और गाड़ाघाट में आंगन मिलन उत्सव, पौष्टिक आहार प्रदर्शनी के माध्यम से पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

जीवन के प्रथम 1000 दिवस बच्चे के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की आधारशिला

AINS NEWS गरियाबंद… सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छुरा विकासखंड के कुटेना एवं गाड़ाघाट में आंगन मिलन उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कुटेना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2 एवं 4 तथा गाड़ाघाट के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2, 3 एवं 4 में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुवती माताओं के पोषण, स्वास्थ्य और समुचित विकास के प्रति जागरूकता किया गया।

इस दौरान पौष्टिक आहार प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुवती माताओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार की उपयोगिता समझाई गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों ने पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन कर आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित स्वास्थ्य एवं पोषण गतिविधियों आयोजित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एकीकृत बाल विकास परियोजना छुरा के परियोजना अधिकारी श्री चंदु साहू ने सेवा संकल्प अभियान एवं आंगन मिलन उत्सव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जीवन के प्रथम 1000 दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह अवधि बच्चे के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की आधारशिला होती है। इस दौरान उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं नियमित निगरानी से बच्चों के समग्र विकास को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा”, पांच फूड ग्रुप, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।

गाड़ाघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नृत्य, फैंसी ड्रेस एवं चित्रकारी जैसी रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिला। वहीं कुटेना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कुटेना में ग्राम पंचायत की सरपंच, पंचगण, महिला मोर्चा एवं मंडल की महिला पदाधिकारी, हितग्राही, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं ग्रामीणजन तथा गाड़ाघाट में सभापति युवराज साहू, सरपंच, पंच, सुपरवाइजर, हितग्राही, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित थे। आंगन मिलन उत्सव के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, समुदाय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के बीच सहभागिता को मजबूत करने तथा स्वस्थ, सुपोषित एवं जागरूक परिवारों के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button