छत्तीसगढ़

शुष्क दिवस पर अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद, किराना दुकान की आड़ में शराब बेचने का काम कर रहा था आरोपी

अलग-अलग ब्रांड की कुल 334 नग शराब, बिक्री रकम और फ्रिज समेत करीब 95 हजार 175 रुपये का सामान जब्त

AINS NEWS… जांजगीर-चांपा जिले में 2 अक्टूबर के शुष्क दिवस पर अकलतरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी के घर में बने गुप्त कमरे से 104 लीटर अवैध शराब बरामद की है। आरोपी किराना दुकान की आड़ में शराब बेचने का काम कर रहा था। कार्रवाई में अलग-अलग ब्रांड की कुल 334 नग शराब, बिक्री रकम और फ्रिज समेत करीब 95 हजार 175 रुपये का सामान जब्त किया गया है।पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में शुष्क दिवस के मद्देनजर जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 13 निवासी प्रकाश भारद्वाज अपने घर के अंदर बने गुप्त कमरे में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए है और किराना दुकान की आड़ में इसकी बिक्री कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मकान की तलाशी ली। घर के अंदर चार लोहे के दरवाजों के पीछे बने कमरे से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक कुल 334 नग शराब, करीब 104 लीटर, जिसकी कीमत 56 हजार 560 रुपये है, जब्त की गई। इसके अलावा 28 हजार 615 रुपये नगद बिक्री रकम और करीब 10 हजार रुपये कीमत का फ्रिज भी बरामद किया गया।
पूरे मामले में पुलिस ने कुल 95 हजार 175 रुपये का जुमला सामान जब्त करते हुए आरोपी प्रकाश भारद्वाज, उम्र 42 वर्ष को गिरफ्तार किया है।

आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 593/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) और 39(ग) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस ने साफ किया है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

 

Related Articles

Back to top button