गरियाबंद

भूख हड़ताल पर बैठे दिव्यांग युवक से मिलने पहुंचे रायपुर से युवा कांग्रेस सदस्य

नीलाद्री शंकर शुक्ला ने जाना अनिल यादव का दर्द, स्व. पंडित श्यामा चरण शुक्ल फाउंडेशन से जल्द ई-साइकिल देने का आश्वासन

AINS NEWS गरियाबंद… स्थानीय गांधी मैदान में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से हड़ताल पर बैठे दिव्यांग युवक अनिल यादव से शनिवार को रायपुर से युवा कांग्रेस सदस्य नीलाद्री शंकर शुक्ला ने मुलाकात की। उन्होंने अनिल की समस्याओं और मांगों को विस्तार से जाना तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बताया गया कि दिव्यांग अनिल यादव का जन्म गरियाबंद नगर में ही हुआ है,लेकिन वर्तमान में उसके पास रहने के लिए अपना घर तक नहीं है। शारीरिक अक्षमता के कारण वह लंबे समय से काम करने में असमर्थ है और रोजी-रोटी के लिए भी किसी स्थायी सहारे का अभाव है।अनिल का कहना है कि जब वह पूरी तरह स्वस्थ था,तब उसने स्थानीय वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में काम किया था,लेकिन उस दौरान किए गए कार्यों की कुछ राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है।

इन्हीं समस्याओं को लेकर अनिल यादव ने अपनी शारीरिक अक्षमता के लिए ई-साइकिल, वन विभाग में लंबित मजदूरी का भुगतान स्थायी रोजगार के साथ आवास मकान की मांग को लेकर गांधी मैदान में भूख हड़ताल शुरू की है।

मामले को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को रायपुर से युवा कांग्रेस सदस्य नीलाद्री शंकर शुक्ला गांधी मैदान पहुंचे और अनिल यादव से मुलाकात कर उसकी स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने स्व. पंडित श्यामा चरण शुक्ल फाउंडेशन की ओर से अनिल को जल्द ही ई-साइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उसकी अन्य मांगों और समस्याओं को लेकर भी संबंधित स्तर पर चर्चा कर सहयोग का भरोसा दिलाया।

नीलाद्री शंकर शुक्ला ने कहा कि अनिल की परिस्थितियां बेहद कठिन हैं और उसे तत्काल सहयोग की जरूरत है। ई-साइकिल मिलने से उसकी दैनिक जरूरतों और आवागमन में कुछ राहत मिल सकेगी। वहीं, अनिल ने भी अपनी मांगों को लेकर सहयोग का आश्वासन मिलने पर उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित विभाग उसकी लंबित समस्याओं का समाधान करेंगे।

 

Related Articles

Back to top button