RAIPUR

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक का विमोचन

प्रीमियम और सामान्य, दो श्रेणियों में 'संजीवनी' विक्रय केंद्रों पर उपलब्ध हैं गिफ्ट पैक

AINS NEWS… मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक का लोकार्पण किया। लघु वनोपज संग्राहकों की आजीविका सुदृढ़ करने और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इस अवसर पर समस्त कैबिनेट मंत्रियों को उपहार स्वरूप दिवाली गिफ्ट पैक भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और समस्त कैबिनेट मंत्रीगण उपस्थित रहे। मुख्य सचिव श्री विकास शील (आई.ए.एस.), अपर मुख्य सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मनोज पिंगुआ (आई.ए.एस.) तथा प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ श्रीमती संजीता गुप्ता (आई.एफ.एस.) भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से वनांचल की माताएं-बहनें स्थानीय वनोपज को प्रसंस्कृत कर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं। बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार से जुड़ाव के जरिए उनके परिश्रम को नई पहचान और आय के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक इसी दिशा में एक सार्थक कदम हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस दिवाली अपने परिजनों और मित्रों को छत्तीसगढ़ में बने उत्पाद उपहार में दें। इसका सीधा लाभ वनांचल के परिवारों, वन उपज संग्राहकों और महिला स्व-सहायता समूहों तक पहुंचेगा।

*दो श्रेणियों में उपलब्ध हैं गिफ्ट पैक*

‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के दिवाली गिफ्ट पैक प्रीमियम और सामान्य, दो श्रेणियों में तैयार किए गए हैं। प्रीमियम गिफ्ट पैक का मूल्य ₹1,100 है, जिसमें 9 प्रकार के उत्पाद शामिल हैं। सामान्य गिफ्ट पैक का मूल्य ₹700 है, जिसमें 5 प्रकार के उत्पाद शामिल हैं। आम नागरिक इन्हें छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के रिटेल आउटलेट ‘संजीवनी’ से खरीद सकेंगे।

*वन संपदा के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्वाद का समावेश*

गिफ्ट पैक में प्रदेश की वन संपदा और पारंपरिक खाद्य संस्कृति से जुड़े विविध उत्पाद शामिल हैं:

एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर जामुन जूस और जामुन स्प्रेड, विटामिन C से भरपूर आंवला कैंडी और इमली कैंडी, उच्च फाइबर युक्त कोदो के कुकीज़ और पारंपरिक पोषण गुणों से युक्त महुआ के हेल्दी कुकीज़, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में उपयोगी च्यवनप्राश और वाइल्ड फॉरेस्ट हनी, प्रोटीन से भरपूर बस्तर के मसाला एवं नमकीन काजू, वजन प्रबंधन में सहायक जशपुर की ग्रीन टी, और त्वचा की देखभाल के लिए एलोवेरा जेल।

*वन धन विकास केंद्रों में तैयार हो रहे उत्पाद*

गिफ्ट पैक में शामिल उत्पाद प्रदेश के विभिन्न वन धन विकास केंद्रों और केंद्रीय प्रसंस्करण इकाई में तैयार किए जा रहे हैं। इनमें कौरीनभाटा (राजनांदगांव), बोड़ला (कवर्धा), पंचक्की (जशपुर), आसना (जगदलपुर), दुगली (धमतरी), डोंगानाला (कटघोरा) तथा केंद्रीय प्रसंस्करण इकाई जामगांव (एम), दुर्ग शामिल हैं। इन वन धन विकास केंद्रों का वार्षिक टर्नओवर लगभग 60 से 70 लाख रुपए है।

वन धन उत्पाद जनजातीय समुदायों की आजीविका सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनका प्रत्यक्ष लाभ वन उपज संग्राहकों और महिला स्व-सहायता समूहों को मिलता है। दिवाली गिफ्ट पैक से इन उत्पादों की मांग और बिक्री बढ़ने पर वनांचल की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिला समूहों के आर्थिक सशक्तीकरण को नया बल मिलेगा।

 

Related Articles

Back to top button