तीन महीने में बदली बॉलीवुड की किस्मत, सात फिल्मों ने कर डाली बंपर कमाई

साल 2023 की शुरुआत में जब शाहरुख खान की फिल्म पठान रिलीज हुई थी तो लोगों को अंदाजा नहीं था कि ये फिल्म इतिहास रचेगी और बॉलीवुड की डूबती नैया को भी पार लगा देगी. लेकिन फिल्म ने उम्मीद से ज्यादा ही कर के दिखा दिया.

और इसी के बाद फिर से एक बार बॉलीवुड की फिल्मों के जबरदस्त कमाई करने का सिलसिला चल पड़ा. पठान के रिलीज हुए तो 6 महीना बीत चुका है लेकिन पिछले 3 महीने में भी बॉलीवुड की फिल्मों ने उम्मीद से अच्छी कमाई की है जिसमें सनी देओल की गदर 2 पहले नंबर पर है. आइये जानते हैं ऐसी ही 7 फिल्मों के बारे में.
जरा हटके जरा बचके- विक्की कौशल और सारा अली खान की फिल्म जरा हटके जरा बचके जब रिलीज होने वाली थी उस दौरान फिल्म को लेकर लोगों का इंटरेस्ट इतना ज्यादा नहीं था. लेकिन जैसे ही फिल्म को बढ़िया वर्ड ऑफ माउथ मिलने लगा इसकी कमाई में भी जान आ गई. 2 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने कुल 88 करोड़ की कमाई की जो खास है.
आदिपुरुष- आदिपुरुष फिल्म भले ही उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं कर सकी लेकिन इसके बाद भी फिल्म ने बॉलीवुड फिल्मों की कमाई में अपना योगदान तो दिया. प्रभास और कृति सेनन के अभिनय से सजी रामायण पर बनी ये फिल्म 16 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म ने 135.04 करोड़ की कमाई की थी.
सत्यप्रेम की कथा- रणबीर कपूर के बाद कार्तिक आर्यन बॉलीवुड के बेस्ट रोमांटिक एक्टर माने जा रहे हैं. उनकी कोई रोमांटिक फिल्म आए और चले नहीं ऐसा भला कैसे हो सकता है. 29 जून को रिलीज हुई सत्यप्रेम की कथा में वे कियारा आडवाणी के अपोजिट नजर आए थे. फिल्म 77.5 करोड़ कमाने में कामियाब रही थी.
रॉकी और रानी की प्रेम कहानी- रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी सफलता की गारंटी बनती जा रही है. हालांकि आलिया भट्ट और रणवीर किसी फिल्म में हो तो दर्शकों की उत्सकुता और भी बढ़ जाती है. दोनों को गली बॉय में खूब पसंद किया गया. अब उनकी फिल्म रॉकी और रानी कीस प्रेम कहानी को भी फैंस से भरपूर प्यार मिला. इस फिल्म में धर्मेंद्र, शबाना आज्मी और जया बच्चन भी अहम रोल में थे फिल्म 28 जुलाई को रिलीज हुई थी और इसने 147.75 करोड़ की कमाई कर ली थी जो एक अच्छी-खासी रकम है.
OMG 2- 11 अगस्त को दो फिल्मों ने बॉक्सऑफिस पर अपने कदम रखे और कुछ इस तरह से जमा लिए कि अब तक जमे हुए हैं. अक्षय कुमार की ओएमजी 2 के पास चुनौतियां अलग थीं. क्योंकि इस फिल्म के साथ सनी देओल की गदर 2 रिलीज हो रही थी जिसने बंपर कमाई कर डाली. 22 साल बाद आ रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अलग ही क्रेज था. लेकिन गदर 2 की आंधी में भी अक्षय कुमार की OMG 2 खेल कर गई और फिल्म ने अबतक 135 करोड़ कमा लिए हैं.
गदर 2 – 11 अगस्त को आई सनी पाजी की गदर 2 की धूम हर तरफ है. फिल्म ने 456 करोड़ की कमाई कर ली है और हिंदी भाषा में कमाई के मामले में ये फिल्म तीसरे स्थान पर है. गदर 2 ने दो हफ्तें में ऐसा कमाल कर दिया जो किसी के भी बस की बात नहीं लग रही थी. लेकिन इसके बाद भी फिल्म थमने का नाम नहीं ले रही.
ड्रीम गर्ल 2- हाल ही में रिलीज हुई आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीम गर्ल 2 ने कमाल कर दिया है. गदर की आंधी और ओएमजी 2 के तूफान के बाद भी ये फिल्म थमने का नाम नहीं ले रही है. 3 दिनों में फिल्म ने करीब 56 करोड़ कमा लिए हैं और इसका भविष्य बहुत उज्वल नजर आ रहा है.




