महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी, छह लाख कर्मचारी चुनाव ड्यूटी के लिए तैनात
महाराष्ट्र में 30 अक्टूबर तक पंजीकृत मतदाताओं की अद्यतन संख्या 9,70,25,119 है

AINS NEWS… महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी। इन चुनाव में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है तो विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) को सत्ता में वापसी की उम्मीद है। सभी 288 विधानसभा सीट पर मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए जारी वोटिंग के बीच सुबह-सुबह अभिनेता अक्षय कुमार वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा, “मतदान केंद्र पर बहुत अच्छा इंतजाम किया है। सफाई रखी हुई है, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुत अच्छी व्यवस्था की है।” इसके अलावा फिल्म निर्देशक कबीर खान ने भी मुंबई के एक मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।

अभिनेता राजकुमार राव ने वोट डालने के बाद कहा, “मतदान बहुत जरूरी है। महाराष्ट्र में सभी लोग जाएं और मतदान करें…”महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और बारामती विधानसभा क्षेत्र से राकांपा उम्मीदवार अजित पवार ने अपना वोट डालने के बाद कहा, “यह चुनाव महाराष्ट्र की आने वाली पीढ़ी के लिए बहुत जरूरी है। हम (महायुति सरकार) बहुत सारी योजनाएं लेकर आए हैं, हम काम कर रहे हैं और आगे भी हम काम करना चाहते हैं। मुझे बारामती के लोगों और मतदाताओं के ऊपर पूरा विश्वास है। वे मुझे अच्छे मतों से जिताकर आठवीं बार विधानसभा में भेजेंगे।”
पवार ने आगे कहा, “लोकसभा चुनाव के दौरान भी सभी ने देखा कि हमारे परिवार के लोग एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। हालांकि, अपने ही परिवार के सदस्यों के सामने चुनाव लड़ना हमेशा मुश्किल होता है।” गौरतलब है कि अजित पवार के सामने बारामती सीट से इस बार चुनाव में उनके भतीजे युगेंद्र चुनाव लड़ रहे हैं।मुंबई भाजपा अध्यक्ष और बांद्रा पश्चिम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार आशीष शेलार ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “आप आइए प्रथम कर्तव्य कीजिए, बड़े पैमाने पर वोट करें और अपने विभाग, अपने राज्य और शहर की विकास की गंगा में शामिल हो जाएं।” भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पर लगे कैश बांटने के आरोप पर उन्होंने कहा, “उद्धव ठाकरे की पार्टी और संजय राउत की पार्टी का ‘कट जिहाद’ है। इनकी पार्टी जाति की भाषा बोलकर कट गई। लोगों ने भी उन्हें कट कर दिया और उनकी भाषा को सुनकर भी लोग उनसे कटने लगे हैं।”
महाराष्ट्र में 30 अक्टूबर तक पंजीकृत मतदाताओं की अद्यतन संख्या 9,70,25,119 है। जो बुधवार को मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 5,00,22,739 पुरुष मतदाता, 4,69,96,279 महिला मतदाता और 6,101 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा, दिव्यांग मतदाताओं की कुल संख्या 6,41,425 है, जबकि सशस्त्र बलों के सेवा मतदाताओं की संख्या 1,16,170 है। महाराष्ट्र में इस बार 1,00,186 मतदान केंद्र होंगे जहां मतदाता अपना वोट डालेंगे। इससे पहले 2019 के विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्र की संख्या 96,654 थी। मतदाताओं की संख्या में वृद्धि के कारण यह वृद्धि की गई है। राज्य सरकार के लगभग छह लाख कर्मचारी चुनाव ड्यूटी के लिए तैनात किए जाएंगे।




