VIP रोड पर आधी रात रशियन युवती ने एक्टिवा सवार तीन युवकों को सामने से टक्कर मार दी
टाटा इंडिगो कार में सवार इस एक युवक और एक रशियन युवती बहुत ज्यादा शराब पीए हुए थे

AINS NEWS… राजधानी रायपुर की VIP रोड पर आधी रात एक रशियन युवती ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार में कार ड्राइव कर रही एक रशियन युवती ने एक्टिवा सवार तीन युवकों को सामने से टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी जान पर बन आई है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक टाटा इंडिगो कार में सवार इस एक युवक और एक रशियन युवती बहुत ज्यादा शराब पीए हुए थे। उनके मुताबिक हादसे के समय रशियन युवती कार चला रही थी और युवक उसकी गोद में बैठा नजर आ रहा था।



इस कार के सामने की ओर नंबर प्लेट के साथ लोक अभियोजक और सरकारी वकील लिखा हुआ है। बताया जाता है कि हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही रशियन युवती ने सड़क पर भी जमकर हंगामा किया। वो पुलिसकर्मियों से भी झुमाझटकी करने में पीछे नहीं रही। मौके पर मौजूद कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया है। बताते है कि पुलिस ने नशे में धुत रशियन युवती को हिरासत में ले लिया है। उसके द्वारा थाने में भी हंगामा मचाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक कार में मिले विजिटिंग कार्ड के आधार पर भावेश आचार्य नामक युवक का नाम सामने आया है। जबकि हादसे में घायल एक्टिवा सवार युवकों का नाम नीलकमल साहू, ललित चंदेल और अरुण विश्वकर्मा बताया जाता है। इन तीनों ही घायलों को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, यहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घायलों के परिजनों के मुताबिक, तीनों घायल युवक एक शादी समारोह में फोटोग्राफी का काम खत्म कर वापिस घर लौट रहे थे। उनके मुताबिक तेज रफ्तार कार से हुई जोरदार टक्कर में एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए है। मामला रशियन युवती के अवैध ढंग से भारत में घुसपैठ और कारोबार करने से जुड़ा भी बताया जाता है। फ़िलहाल, पुलिस रशियन युवती के पासपोर्ट की जांच-पड़ताल में जुटी है, उसके साथ मौजूद युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।




