दिनेश मिरानिया का शव दिल्ली से फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया गया, अंतिम संस्कार रायपुर के मारवाड़ी मुक्तिधाम में किया जाएगा
कई नेताओं ने दिनेश के शव को कंधा दिया

AINS NEWS… जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने रायपुर के स्टील कारोबारी दिनेश मिरानिया की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों ने पत्नी, बेटे और बेटी के आंखों के सामने गोली मारी। बुधवार देर रात कारोबारी का शव दिल्ली से फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया गया। एयरपोर्ट के बाहर परिजन और स्थानीय लोग रोते नजर आए।

एयरपोर्ट से घर पहुंचने पर डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा समेत कई नेताओं ने दिनेश के शव को कंधा दिया। एम्बुलेंस से शव निकालकर घर के भीतर ले गए। घर के अंदर और बाहर लोगों की भीड़ जमा रही। आज (गुरुवार) सुबह 9 बजे उनका अंतिम संस्कार रायपुर के मारवाड़ी मुक्तिधाम में किया जाएगा।
मारे गए लोगों के परिवारों को 10-10 लाख मुआवजा
वहीं जम्मू-कश्मीर सरकार ने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा की है। साथ ही गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख और मामूली घायलों को 1 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं रायपुर-भिलाई के करीब 82 लोग श्रीनगर में फंसे हैं। एक होटल में रोका गया है।




