1 करोड़ का इनामी नक्सली कमांडर बसवराजू समेत 26 हुए ढेर
ऑपरेशन में नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव की डीआरजी टीमें शामिल

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के माड़, यानी अबूझमाड़ इलाके में हुई ये मुठभेड़ इतनी बड़ी है कि इसे छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियानों में अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन माना जा रहा है। मुठभेड़ में नक्सल संगठन के महासचिव और पोलित ब्यूरो सदस्य बसवराजू मारा गया है। बसवराजू पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था और वह संगठन के शीर्ष नेतृत्व में शामिल था।
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के माड़ इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। 21 मई को सुबह तड़के शुरू हुए इस ऑपरेशन में नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव की डीआरजी टीमें शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, सुरक्षा बलों को इलाके में नक्सलियों के छिपे होने की पक्की जानकारी मिली थी। इसके बाद जवानों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, और फिर नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया। लेकिन जवान तैयार थे। जवाबी कार्रवाई में दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई, और इस मुठभेड़ में अब तक 20 से 26 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।

इस मुठभेड़ की सबसे बड़ी बात ये है कि इसमें नक्सलियों के कई बड़े कमांडर घिरे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए नक्सलियों में कुछ टॉप लीडर और पोलित ब्यूरो के सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। खास तौर पर, नक्सली कमांडर रूपेश का नाम सामने आ रहा है, जो इस इलाके में नक्सलियों का बड़ा चेहरा माना जाता है। इसके अलावा, एक केंद्रीय कमेटी के सदस्य बसवराजू मारा गया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से कई नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। साथ ही, बड़ी मात्रा में हथियार, जैसे AK-47 और अन्य आधुनिक हथियार, भी जब्त किए गए हैं। ये हथियार नक्सलियों की ताकत का सबूत हैं, लेकिन जवानों ने उनकी हर चाल को नाकाम कर दिया। ऑपरेशन अभी भी जारी है, और सुरक्षा बल इलाके में सर्चिंग कर रहे हैं ताकि कोई भी नक्सली बच न पाए।




