रायगढ़ के 21वें पुलिस अधीक्षक बने 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह
शशि मोहन सिंह ने आज रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के परिपालन में 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आज रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। वे छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद रायगढ़ के 21वें पुलिस अधीक्षक बने हैं।

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में श्री सिंह ने सशस्त्र गार्ड की सलामी के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग को स्मरण करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा में कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए जनता के विश्वास को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
मीडिया से चर्चा में श्री सिंह ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए रायगढ़ पुलिस के विजन को साझा किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, शासन के विभागों और मीडिया के साथ समन्वय बढ़ाकर प्रभावी व पारदर्शी पुलिसिंग की जाएगी तथा कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से जन-जागरूकता और मजबूत कानून व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।




