देवजी ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था देवजी पर
‘ऑपरेशन कगार’ के तहत विभिन्न राज्यों में सुरक्षा अभियान तेज किए गए हैं

AINS NEWS… नक्सलवादियों के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच सीपीआई (माओवादी) के महासचिव टिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवजी ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। बताया जा रहा है कि 60 वर्षीय देवजी ने तेलंगाना के मुलुगु जिले में पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बता दें कि हाल के महीनों में तेलंगाना से जुड़े कई माओवादी कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में आत्मसमर्पण किया है। अब इस लिस्ट में देवजी का नाम भी शामिल हो गया है।

कौन है देवजी
जानकारी के अनुसार, देवजी पर तेलंगाना में 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह मूल रूप से करीमनगर जिले के रहने वाले बताए जाते हैं। करीब आठ महीने पहले उन्हें संगठन का महासचिव बनाया गया था। इससे पहले मई 2025 में सुरक्षा बलों ने तत्कालीन शीर्ष नेता नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू को एक अभियान में मार गिराया था। यदि देवजी के आत्मसमर्पण की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो एक वर्ष के भीतर दूसरी बार संगठन शीर्ष नेतृत्व विहीन हो जाएगा।
मार्च 2026 तक माओवादी हिंसा समाप्त करने का लक्ष्य
सूत्रों के अनुसार, देवजी के साथ 15 से 20 सशस्त्र कैडरों के भी आत्मसमर्पण की संभावना है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब केंद्र सरकार देशभर में वामपंथी उग्रवाद के खात्मे के लिए दबाव बढ़ा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक माओवादी हिंसा समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कगार’ के तहत विभिन्न राज्यों में सुरक्षा अभियान तेज किए गए हैं।




